Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

कांग्रेस और उसके सहयोगी ‘अराजकता का मॉडल’ जारी रखते हैं, तो लोग उनका विकल्प ढूंढ सकते हैं : भाजपा

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर हमला तेज करते हुए मंगलवार को कहा कि अगर राहुल गांधी “सत्ता परिवर्तन” के लिए अपने “अराजकता के मॉडल” को जारी रखते हैं, तो जनता विपक्ष में उनकी जगह कोई दूसरा विकल्प ढूंढ लेगी।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अराजक ‘कॉकरोच’ और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित ये सभी लोग ‘सत्ता परिवर्तन’ के लिए देश के सामने अराजकता का एक मॉडल पेश कर रहे हैं।”

भाटिया ने चेतावनी दी कि जो लोग भारत में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, उन्हें शायद जनता यह तय करते मिले कि “विपक्ष गैर-जिम्मेदार है और उसे बदल दिया जाना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव-यह मत सोचिए कि अराजकता फैलाकर आपको कुछ हासिल होगा। देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता आपके राजनीतिक करियर को खत्म कर देगी। लोग विपक्ष का कोई विकल्प ढूंढ लेंगे।”

भाटिया ने कहा कि राहुल के “अराजकता के मॉडल” को कोई स्वीकार नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के भीतर भी वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के अराजकतावादी मॉडल से सहमत नहीं हैं। उन्हें लगता है कि इससे कांग्रेस पूरी तरह से बर्बाद और नष्ट हो जाएगी।”

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष के विरोध-प्रदर्शनों को विदेशी फंडिंग की वजह से बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ‘प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल’ (पीआई) और ‘इंडियन अलायंस पेरिस’ जैसी विदेशी ताकतों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करते हैं।

भाटिया ने कहा, “पीआई हर जगह विरोध-प्रदर्शनों को वित्त पोषण देता है और ‘तख्तापलट’ के लिए हिंसा करवाता है। सोनिया गांधी उसके प्रतिनिधियों से मिली थीं।”

उन्होंने दिल्ली में पीआई के प्रतिनिधियों के साथ सोनिया की कथित मुलाकात की एक तस्वीर भी दिखाई।

राहुल ने विपक्ष पर देश को अस्थिर करने के लिए विदेशी मदद लेने का आरोप लगाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सोमवार को पलटवार किया था और उन्हें इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी थी।

कांग्रेस नेता ने मोदी पर “विदेशी मदद” से प्रधानमंत्री की कुर्सी हासिल करने का आरोप भी लगाया था।

भाटिया ने अखिल भारतीय छात्र संगठन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा पर भी निशाना साधा और उन्हें “अराजकतावादी” बताया।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया, “नेहा बोरा ने कहा था कि बांग्लादेश उनकी प्रेरणा का स्रोत है। एक अराजकतावादी होने के नाते वह लोकतंत्र के हत्यारों और कसाइयों को अपना आदर्श मान रही हैं।”

उन्होंने कहा, “क्या वे (विपक्षी नेता) बख्शे जाएंगे? नहीं, उन्हें कुचल दिया जाएगा।”

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप