Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

खाद्य विभाग की टीम के साथ खोया मंडी पहुंचीं रेखा गुप्ता, 7000 किलो खराब मावा किया गया नष्ट

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खाद्य विभाग की टीम के साथ मंगलवार को यहां मोरी गेट स्थित खोया मंडी पहुंचीं जहां लगभग 7,000 किलो खराब और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर उसे नष्ट किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उनके मुताबिक, मोरी गेट की खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग का यह चौथा अभियान है। विभाग की टीम ने मोरी गेट की खोया मंडी में अभियान के दौरान 44 नमूने एकत्र किए और इनकी मौके पर ही सचल जांच सुविधा के माध्यम से प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें 35 नमूने जांच में फेल पाए गए।

अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा दो अन्य नमूने भी एकत्र किए गए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में संदिग्ध सामग्री में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पदार्थों की मिलावट से संबंधित जानकारी सामने आई है।

उनके मुताबिक, इन सामग्रियों के संबंध में आगे की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्ता की निगरानी में की गई।

गुप्ता ने कहा कि सरकार जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और मिलावटखोरी करने वाले चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें कानून के दायरे में लाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “दीपावली की खुशियों में मिलावट करने वालों के लिए दिल्ली में कोई जगह नहीं है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोपरि है और मिलावटखोरों के विरुद्ध दिल्ली सरकार की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। सरकार का उद्देश्य केवल मिलावटी खाद्य पदार्थों को पकड़ना नहीं, बल्कि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना भी है।”

सीएमओ के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी के विरुद्ध विभिन्न अभियानों के दौरान अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट करा चुका है।

इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जिसमें राजधानी में खाद्य पदार्थों की जांच में और तेज लाने का निर्देश दिया गया।

मंत्री ने दिल्ली के सभी जिलों में विशेष निरीक्षण टीम तैनात करने का निर्देश दिया।

सिंह ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि खोया, पनीर, छेना, मिठाइयां, नमकीन, घी, खाने के तेल और सूखे मेवों जैसी खाद्य श्रेणियों पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि मिलावट और खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताओं की पहचान के लिए निर्माण इकाइयों, थोक बाजारों, खुदरा दुकानों, गोदामों और भंडारण व्यवस्थाओं की भी नियमित रूप से जांच की जाए।

खाद्य पदार्थों में मिलावट को गंभीर अपराध बताते हुए सिंह ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव