जयपुर, तीन नवंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के प्रमुख बाजारों में महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालयों की कमी को लेकर मंगलवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बजट में लगातार घोषणाएं करने के बावजूद उन्हें लागू करने में विफल रही है।
गहलोत ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार ने 2024-25 के बजट में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से 67 पिंक टॉयलेट कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद 2025-26 के बजट में 175 करोड़ रुपये के आवंटन से 500 पिंक टॉयलेट बनाने की घोषणा की गई।
उन्होंने कहा कि 2026-27 के बजट में पिंक टॉयलेट का कोई उल्लेख नहीं किया गया और इसके बजाय 300 मोबाइल टॉयलेट बनाने की घोषणा की गई।
गहलोत ने दावा किया कि जयपुर के जौहरी बाजार, चांदपोल और किशनपोल बाजारों में रोजाना दो लाख से अधिक महिलाएं आती हैं, लेकिन वहां इस्तेमाल के लिए केवल एक या दो शौचालय ही उपलब्ध हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मौजूदा तीन शौचालयों में से दो पर ताले लगे हैं, जबकि किशनपोल के एक शौचालय की चाबी पान विक्रेता के पास रहती है।
गहलोत ने कहा कि इन सुविधाओं की जरूरत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अस्थायी केबिन वाले शौचालय स्थापित किए जाने के सात घंटे के भीतर 570 महिलाओं ने उनका इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा, ''तीन बजट, तीन घोषणाएं और बाजारों में नतीजे शून्य।''
कांग्रेस नेता ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर घोषणाओं को लागू करने के बजाय प्रचार को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया और सवाल किया कि महिलाओं के लिए घोषित शौचालय सुविधाएं आखिर कब उपलब्ध होंगी।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत