नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कंपनी केईसी इंटरनेशनल का सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध मुनाफा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में चुनौतियों के कारण कई गुना घटकर 30 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में यह जानकारी दी। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 161 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का राजस्व 10 प्रतिशत घटकर 5,468 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 6,092 करोड़ रुपये था।
केईसी इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विमल केजरीवाल ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक और आपूर्ति श्रृंखला संबंधी व्यवधानों, भारत में बिजली पारेषण एवं वितरण (टीएंडडी) क्षेत्र में रास्ते के अधिकार (आरओडब्ल्यू) और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी चुनौतियों तथा वैश्विक स्तर पर बढ़ी लागत के बीच कुछ परियोजनाओं में आपूर्ति को नियंत्रित रखने के कारण कंपनी को तिमाही के दौरान चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
आरपीजी समूह का हिस्सा केईसी इंटरनेशनल वैश्विक स्तर पर इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है। इसकी बिजली पारेषण एवं वितरण, सिविल निर्माण, परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस पाइपलाइन और केबल क्षेत्रों में मौजूदगी है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय