नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 23 प्रतिशत बढ़कर 2,578 करोड़ रुपये रहा। लेनदेन से होने वाली आय में वृद्धि और खर्च में तेज गिरावट से मुनाफा बढ़ा है।
पिछले वित्त वर्ष की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में एनएसई का शुद्ध लाभ 2,098 करोड़ रुपये था।
एनएसई ने मंगलवार को बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसकी कुल आय नौ प्रतिशत बढ़कर 4,554 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,160 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान लेनदेन शुल्क से होने वाली आय नौ प्रतिशत बढ़कर 3,035 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 2,789 करोड़ रुपये थी।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कुल खर्च सालाना आधार पर 51 प्रतिशत घटकर 1,161 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,354 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही में एकल आधार पर एनएसई का शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत बढ़कर 2,164 करोड़ रुपये, जबकि कुल आय आठ प्रतिशत बढ़कर 3,956 करोड़ रुपये रही।
शेयर बाजार एनएसई सितंबर, 2026 में सूचीबद्ध हुई थी। उसके बाद यह पहली तिमाही है, जब नतीजों की घोषणा की गयी है।
भाषा यासिर रमण
रमण