वाशिंगटन, तीन नवंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका 2027 में इजराइल को हर साल दी जाने वाली चार अरब डॉलर की सहायता बंद कर देगा, लेकिन पश्चिम एशिया में अपने सबसे करीबी सहयोगी को हथियारों की बिक्री जारी रखेगा।
रिपब्लिकन पार्टी के नेता ट्रंप ने मंगलवार को फोन पर ‘फॉक्स न्यूज चैनल’ से बातचीत में कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनके सामने यह विचार रखा था और दोनों इस बारे में पिछले कुछ वर्षों से चर्चा कर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा कि इजराइल को इस सहायता की जरूरत नहीं है और अमेरिका को बड़ी रकम खर्च करनी होती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इजराइल को अमेरिकी सहायता का मुद्दा मिशिगन से सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सईद जैसे डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के लिए राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
ट्रंप ने कहा, ''आप इसे वस्तुओं की अदला-बदली मान सकते हैं। आप इसे सैन्य सहायता या नकद राशि मान सकते हैं। देखिए, हम उन्हें चार अरब डॉलर के सामान और धन देते हैं और उन्हें इसकी जरूरत नहीं है। नेतन्याहू ने मुझसे इस बारे में बात की थी और हम पिछले कुछ वर्षों से इस पर चर्चा कर रहे हैं, क्योंकि यह बहुत बड़ी रकम है।''
एपी वैभव माधव
माधव