Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

दिवाली पर सुरक्षा के लिए दिल्ली के बाजारों में चेहरे पहचानने वाले सॉफ्टवेयर से लैस वैन तैनात

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दिवाली के मद्देनजर पुरानी दिल्ली के प्रमुख बाजारों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और उन्हें गड़बड़ी करने से रोकने के लिए चेहरे पहचानने वाले सॉफ्टवेयर से लैस वैन तैनात की हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उत्तर जिले की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने कहा कि दिवाली से पहले बाजारों में काफी भीड़ रहती है और इसे देखते हुए चांदनी चौक, लाहौरी गेट, सदर बाजार और बाड़ा हिंदू राव समेत पुरानी दिल्ली के बाजारों में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस बल तैनात किया गया है और भारी भीड़ के दौरान सदर बाजार के तेलीवाड़ा जैसे इलाकों में ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगाई जाती है ताकि जाम की स्थिति न बने।

डीसीपी ने बताया कि नगर निगम (एमसीडी) के साथ मिलकर अतिक्रमण विरोधी अभियान भी चलाए जा रहे हैं और पुलिसकर्मी पूरे दिन गश्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसी के साथ असामाजिक तत्वों को गड़बड़ी करने से रोकने के लिए चेहरे पहचानने वाले सॉफ्टवेयर से लैस वैन भी तैनात की गई हैं।

अधिकारी ने यह भी बताया कि प्रमुख बाजारों में ऊंचाई पर मचान लगाए गए हैं जहां तैनात पुलिस कर्मी दूरबीन से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और इस बात का ध्यान रखा जाता है कि भीड़ ज्यादा होने पर लोगों को किस तरफ से निकाला जा सकता है।

भट्ट ने यह भी बताया कि बाजार संघों के साथ मिलकर सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

वहीं यातायात पुलिस के मुताबिक, सदर बाजार, करोल बाग और चांदनी चौक के साथ-साथ कश्मीरी गेट आईएसबीटी, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष इंतजाम किए गए हैं तथा प्रमुख चौराहों और जाम की आशंका वाले मार्गों पर रोजाना पुलिसकर्मियों की एक अतिरिक्त कंपनी और दिल्ली होम गार्ड के करीब 100 जवान तैनात किए जा रहे हैं।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश