इंदौर, तीन नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इंदौर में सितंबर के दौरान आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की एक छात्रा से किया अपना वादा निभाते हुए उसे दिल्ली बुलाकर उसकी आंख का इलाज कराया।
कांग्रेस के सोशल मीडिया और डिजिटल मंच विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आपको याद होगा इंदौर का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम जहां छात्रा प्रियंका सेंगर ने राहुल गांधी को अपनी आंख की दिक्कत बताई थी। बचपन में चूना गिरने से उसकी आंख में समस्या आ गई थी, पर उसके परिवार में आर्थिक तंगी के चलते इलाज संभव नहीं हो पाया।’’
श्रीनेत ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रियंका से किया वादा निभाते हुए उन्हें दिल्ली बुला कर उनकी आंख का इलाज कराया।
कांग्रेस नेता ने प्रियंका का एक वीडियो भी ‘एक्स’ पर साझा किया जिस पर लिखा है-‘धन्यवाद राहुल भैया जी’।
वीडियो में विमान की विंडो सीट पर बैठी छात्रा प्रसन्न मुद्रा में खिड़की से आकाश को निहारती नजर आ रही है।
राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में अपने युवा संपर्क कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में कई छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर शिक्षा, रोजगार और अन्य मुद्दों पर उनकी समस्याएं जानी थीं। इनमें प्रियंका भी शामिल थीं।
भाषा
हर्ष रवि कांत