नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) मंगलवार को घोषित क्यूएस रैंकिंग के अनुसार, भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु और पांच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) एशिया के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में शामिल हैं। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इन सभी की रैंकिंग में कई स्थानों की गिरावट आई है।
भारत एशिया की दूसरी सबसे बड़ी उच्च शिक्षा व्यवस्था बना हुआ है। यहां 325 रैंक वाले विश्वविद्यालय हैं, जिनमें 34 नए शामिल हुए हैं; इस मामले में भारत केवल चीन से पीछे है।
लंदन स्थित क्वाक्वेरेली साइमंड्स (क्यूएस) के अनुसार, आईआईटी दिल्ली भारत का सर्वोच्च रैंकिंग वाला विश्वविद्यालय बना हुआ है, जो साल-दर-साल गिरावट के बावजूद एशिया में 66वें स्थान पर है, जबकि भारत के सभी छह शीर्ष रैंकिंग वाले संस्थानों की रैंकिंग में गिरावट आई है।
आईआईटी दिल्ली पिछले साल 59वें स्थान पर था और फिसलकर 66वें स्थान पर आ गया, इसके बाद आईआईएससी बेंगलुरु है, जो पिछले साल 64वें स्थान पर था और फिसलकर 79वें स्थान पर आ गया।
आईआईटी मुंबई 71 से गिरकर 83वें पायदान पर आ गया, आईआईटी मद्रास 70 से गिरकर 85 पर आ गया, आईआईटी खड़गपुर 77 से गिरकर 90वें स्थान पर आ गया और आईआईटी कानपुर 77 से गिरकर 97वें स्थान पर आ गया।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश