Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

1984 सिख दंगे: भाजपा चार नवंबर को चंडीगढ़ में सम्मेलन करेगी

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 1984 के सिख विरोधी दंगों पर बुधवार को चंडीगढ़ में एक दिवसीय सम्मेलन और प्रदर्शनी आयोजित करेगी।

इसमें दंगों के पीड़ित, प्रत्यक्षदर्शी, कानूनी विशेषज्ञ और राजनेता शामिल होंगे।

सम्मेलन में नरसंहार की परिस्थितियों, कथित साजिश, कानूनी लड़ाई और पीड़ितों के पुनर्वास पर चर्चा की जाएगी। भाजपा ने कहा कि ‘जख्म 84 दे’ नाम से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य लोगों को 1984 के सिख नरसंहार की ‘‘भयावह सच्चाई’’ से रूबरू कराना है।

यह कार्यक्रम दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को कांग्रेस की रैली के कुछ दिन बाद आयोजित किया जा रहा है।

भाजपा ने इस रैली को लेकर कांग्रेस की कड़ी आलोचना की थी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने का आरोप लगाया था।

भाजपा ने रैली करने के कांग्रेस के नैतिक अधिकार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी ने 31 अक्टूबर, 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़की हिंसा के लिए अब तक जवाबदेही नहीं ली है।

चंडीगढ़ में यह कार्यक्रम सुबह साढ़े नौ बजे 1984 के सिख नरसंहार पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ शुरू होगा।

इसका उद्घाटन भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया करेंगे। कार्यक्रम के शुरुआती सत्र में शहीदों की आत्मिक शांति और न्याय के लिए ‘अरदास’ (प्रार्थना) की जाएगी।

ढिल्लों सभा को संबोधित करेंगे जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का मुख्य संबोधन रहेगा।

प्रसाद ने उच्चतम न्यायालय में 1984 के नरसंहार से जुड़े मामलों की पैरवी की थी।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव