Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

कांग्रेस शासनकाल में एक गैस कनेक्शन के लिए 50 हजार रुपये तक रिश्वत देनी पड़ती थी : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, तीन नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आरोप लगाया कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार के दौरान रसोई गैस का एक कनेक्शन लेने के लिए लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी और 25 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक रिश्वत देनी पड़ती थी।

योगी, दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इसके लिए 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘1.89 करोड़ परिवारों को दीपावली का यह उपहार प्रदान करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। जिन लाभार्थियों के खाते में यह पैसा गया है, उन सभी को मैं बधाई देता हूं।’’

उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमत और लाभार्थियों को मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘एक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये होती है। इसमें 335.40 रुपये की सब्सिडी भारत सरकार देती है और आपको अपनी जेब से 648.55 रुपये खर्च करने होते हैं।’’

योगी ने कहा, ‘‘हम लोगों ने तय किया है कि जितने भी गरीब परिवार हैं और उज्ज्वला योजना के तहत जिन्हें ये कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, ऐसे 1.89 करोड़ परिवारों को दीपावली और होली के अवसर पर उपहार देंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपको अपनी जेब से जो 648.55 रुपये खर्च करने होते हैं, दीपावली से पहले यह पैसा हमने कंपनी को दे दिया है। आप एजेंसी से सीधे सिलेंडर लेकर घर जाइए, आपको कोई पैसा नहीं देना होगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इससे आपकी करीब साढ़े छह सौ रुपये की बचत हो रही है। इस पैसे से आप दीपावली की मिठाई और दीये ला सकते हैं, जिससे त्योहार की खुशी और बढ़ेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब अच्छी सरकार आती है तो अच्छा काम भी करती है। याद करिए, 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार में रसोई गैस का एक कनेक्शन लेने के लिए पापड़ बेलने पड़ते थे और अनेक परेशानियां होती थीं। एक कनेक्शन के लिए ही 25 से 50 हजार रुपये तक रिश्वत देनी पड़ती थी।’’

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘उस समय उन्होंने (प्रधानमंत्री ने) भावुक होकर कहा था कि माताओं-बहनों के आंसू देखकर हमारी भावनाएं नहीं रुकतीं। इसलिए हमने तय किया है कि अब कनेक्शन के लिए घूसखोरी बंद होगी। कांग्रेस की घूसखोरी की प्रवृत्ति को बंद किया जा रहा है और हर गरीब परिवार को मुफ्त में कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।’’

भाषा आनन्द रवि कांत जितेंद्र

जितेंद्र