नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अनुकंपा के आधार पर 225 उम्मीदवारों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस मुख्यालय ने एक बयान में कहा कि इनमें हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, कांस्टेबल (चालक) और मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) सहित विभिन्न पदों के लिए नियुक्तियों की सिफारिश की गई है। हालांकि, ये नियुक्तियां उम्मीदवारों के निर्धारित मेडिकल परीक्षण में पास होने की शर्त पर होंगी।
इसमें कहा गया कि स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच करने के बाद ये सिफारिशें की हैं। ये सिफारिशें नियमित और सीधी भर्ती के कोटे में पांच फीसदी रिक्तियों के प्रावधान के तहत की गई हैं।
इस पहल का उद्देश्य उन पुलिस कर्मियों के परिवारों को वित्तीय सहायता और सुरक्षित भविष्य प्रदान करना है जिन्होंने ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवा दी।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव