भुवनेश्वर, तीन नवंबर (भाषा) केंद्र के आठ सदस्यीय दल ने मंगलवार को दक्षिणी ओडिशा के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत की ताकि चक्रवात ‘अर्नब’ और उसके बाद आई बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया जा सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव रवि शंकर के नेतृत्व वाला अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल कृषि, बुनियादी ढांचे, सड़कों, बिजली और जल संसाधनों समेत प्रमुख क्षेत्रों को हुए नुकसान का आकलन करेगा।
उन्होंने बताया कि इस दल ने मंगलवार को गजपति जिले का दौरा किया और बुधवार को गंजाम जिले का दौरा करेगा।
केंद्र ने ओडिशा सरकार के अनुरोध पर एक दल भेजा है जो चक्रवात अर्नब के कारण आई बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेगा। यह चक्रवात 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था।
ओडिशा सरकार का कहना है कि गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में भारी नुकसान हुआ है।
दल के सदस्य चक्रवात और बाढ़ से प्रभावित इलाकों का मौके पर जाकर विस्तृत आकलन करेंगे।
इस बीच, राज्य सरकार पहले ही नुकसान का शुरुआती आकलन कर चुकी है।
शंकर के अलावा, इस दल में कृषि, वित्त, जल शक्ति, बिजली, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और ग्रामीण विकास मंत्रालयों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इसमें इसरो के प्रतिनिधि भी हैं।
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश