Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

आयुष और सुमित के अर्धशतकों से दिल्ली को पहली पारी की बढत

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) आयुष दोसेजा और सुमित माथुर के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी के मैच में मंगलवार को सेना के खिलाफ पहली पारी में बढत बना ली ।

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर दिल्ली ने छह विकेट पर 299 रन बना लिये थे । दोसेजा ने 78 और माथुर ने नाबाद 80 रन बनाये और दोनों ने छठे विकेट के लिये 144 रन की साझेदारी की । सेना ने पहली पारी में 266 रन बनाये जिससे दिल्ली को 33 रन की बढत मिली ।

तीन मैचों में दो अंक ही ले सकी दिल्ली की नजरें इस मैच में पूरे अंक बनाने पर लगी हैं ।

सेना के लिये आफ स्पिनर पुलकित नारंग ने गेंदबाजी की शुरूआत की और सनत सांगवान (11) का विकेट जल्दी हासिल कर लिया । प्रियांश आर्य ( 88 गेंद में 58 रन ) ने यश ढुल (33) के साथ 79 रन की साझेदारी की ।

इसके बाद दोसेजा और माथुर ने मोर्चा संभाला । दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर माथुर के साथ देव लाकड़ा 11 रन बनाकर क्रीज पर थे ।

भुवनेश्वर में वर्षाबाधित मैच में झारखंड ने दूसरे दिन पांच विकेट पर 258 रन बना लिये थे । आदित्य सिंह 94 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि अनुकूल रॉय ने 89 रन बनाये । पहले दिन झारखंड ने तीन विकेट 37 रन पर गंवा दिये थे ।

अनुकूल और आदित्य ने 155 रन की साझेदारी की । आदित्य ने अपनी पारी में आठ चौके लगाये जबकि अनुकूल ने सात चौके और दो छक्के जड़े ।

अहमदाबाद में एक अन्य मैच में उर्विल पटेल के 227 गेंद में नाबाद 210 रन की मदद से गुजरात ने केरलम के खिलाफ पहली पारी नौ विकेट पर 534 रन पर घोषित की ।

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर केरलम ने तीन विकेट 74 रन पर गंवा दिये थे ।

भाषा मोना नमिता

नमिता