Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

श्रीलंका के विपक्षी सांसद नमल राजपक्षे को होटल परियोजना से जुड़े रिश्वत मामले में जमानत मिली

कोलंबो, तीन नवंबर (भाषा) श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के सबसे बड़े बेटे एवं विपक्षी सांसद नमल राजपक्षे को एक होटल परियोजना से जुड़े मामले में मंगलवार को जमानत मिल गई। हालांकि, एक अन्य मामले को लेकर वह अभी हिरासत में ही रहेंगे।

इस होटल परियोजना में एक भारतीय कंपनी भी शामिल है।

कोलंबो मजिस्ट्रेट अदालत ने उनके माता-पिता की खराब सेहत को विशेष परिस्थिति मानते हुए उन्हें जमानत दे दी।

नमल राजपक्षे को होटल परियोजना के सिलसिले में 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने 2013 में प्रस्तावित निवेश के लिए जरूरी मंजूरियां दिलाने के बदले सात करोड़ श्रीलंकाई रुपये की रिश्वत ली थी।

इसी मामले में, कृष्ण होटल्स की अध्यक्ष जानकी सिरीवर्देना को भी राजपक्षे को कथित तौर पर रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

हालांकि, नमल राजपक्षे का कहना है कि यह रकम 2014 में कोलंबो में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय रग्बी प्रतिस्पर्धा के लिए प्रायोजन के तौर पर मिला था।

प्रस्तावित होटल परियोजना, जिसकी लागत 75 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक आंकी गई है, अभी भी अटकी पड़ी है।

देश की राष्ट्रीय एयरलाइन, श्रीलंकन ​​एयरलाइंस द्वारा एयरबस विमानों की खरीद में कथित रिश्वतखोरी और धन शोधन से जुड़े एक अलग मामले में नमल राजपक्षे अभी हिरासत में ही रहेंगे।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश