गुरुग्राम, तीन नवंबर (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर 53 स्थित एक होटल के कमरे में मंगलवार को 35 वर्षीय इंजीनियर का शव हॉट टब में मिला। वह हाल ही में ब्रिटेन से भारत आया था। पुलिस के अनुसार, उसकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने यह बताया कि मृतक की पहचान प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है। वह देर रात ओरसम होटल के एक कमरे में बने हॉट टब में बेहोशी की हालत में मिला।
उत्तर प्रदेश के आगरा की ओल्ड ईदगाह कॉलोनी के निवासी पाठक ब्रिटेन में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम करते थे और मैनचेस्टर में रहते थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पाठक हाल ही में ब्रिटेन से भारत आए थे। वह सोमवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां बिताकर लौटे थे और इसके बाद एक दोस्त को छोड़ने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे गए थे।
पुलिस ने बताया कि दोस्त के विमान में सवार होने के बाद पाठक ने रात बिताने के लिए सेक्टर 53 स्थित होटल में एक कमरा बुक किया था।
शाम करीब आठ बजे होटल के कर्मचारियों को संदेह हुआ और उन्होंने कमरे की जांच की, जहां पाठक हॉट टब में बेहोश पड़े मिले। तुरंत एक चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सेक्टर 53 थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल को सील कर दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान होटल की तीसरी मंजिल और उसके प्रवेश एवं निकास द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई।
अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रांजिल की मौत के बाद कोई बाहरी व्यक्ति कमरे में नहीं आया। मृतक कमरे के अंदर ही मिला था।’’
भाषा तान्या नरेश
नरेश