नयी दिल्ली/रायपुर , तीन नवंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) 6,000 करोड़ रुपये के 'महादेव' ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर को मंगलवार को रायपुर ले गया जहां उसे एक विशेष अदालत के सामने पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चंद्राकर को हाल में प्रत्यर्पित कर ओमान से लाया गया था। उसे दो दिन की सीबीआई की ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर भेजा गया है, क्योंकि जांच एजेंसी उसे इस मामले में अधीनस्थ अदालत में पेश करने के लिए छत्तीसगढ़ ले जाना चाहती थी।
अधिकारियों ने बताया कि चंद्राकर को लेकर शाम करीब पांच बजे सीबीआई एक निजी विमान से रायपुर पहुंची।
सीबीआई ने छत्तीसगढ़ के राज्य आर्थिक अपराध ब्यूरो से इस मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद 18 दिसंबर 2024 को एक प्राथमिकी दर्ज की थी।
इससे पहले राज्य सरकार और केंद्र ने इस संबंध में जरूरी अधिसूचनाएं जारी की थीं।
आरोप है कि चंद्राकर और सह-आरोपी रवि उप्पल ने अपने साथियों के साथ मिलकर 'महादेव बुक ऐप' को बढ़ावा दिया तथा ‘पैनल’ एवं ‘ब्रांच ऑपरेटर’ के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का धंधा चलाया।
आरोपों के अनुसार, कमीशन के आधार पर सैकड़ों बैंक खाते खोले गए और सट्टेबाजी से मिली अवैध रकम को अलग-अलग खातों के जरिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भेजा गया।
आरोपी दुबई से यह सिंडिकेट चलाता था, जिसे इसका 'मुख्य कार्यालय' कहा जाता था। उसने छत्तीसगढ़ के कई युवाओं को प्रबंधक के तौर पर काम पर रखा था।
सोमवार को सीबीआई ने अदालत को बताया कि चंद्राकर के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है और रायपुर में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश ने उसके विरुद्ध नौ सितंबर गैर-जमानती वारंट जारी किया था जो लंबित है।
ब्यूरो ने कहा कि चंद्राकर को जाली कागजातों के आधार पर अवैध रुप से ओमान में दाखिल होने को लेकर हिरासत में लिया गया और उसे भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव