Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

निर्दलीय विधान पार्षदों के भाजपा में शामिल होने पर कानूनी अड़चनें पैदा होंगी : चिराग पासवान

पटना, तीन नवंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा कि बिहार में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित विधान पार्षदों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने पर कानूनी अड़चनें आएंगी और नैतिकता से जुड़े सवाल भी खड़े होंगे।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पासवान ने विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के हालिया घटनाक्रम के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में यह बात कही। दोनों ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की है।

वहीं, भाजपा ने इस स्थिति से बचने के लिए दावा किया है कि दोनों विधान पार्षदों ने केवल उसे अपना समर्थन दिया है। इस बीच, भाजपा की सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने 'गठबंधन धर्म' का सवाल उठाया है। उल्लेखनीय है कि जदयू को इन दोनों सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

हाजीपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले पासवान ने कहा, ''मैं गठबंधन धर्म के बारे में कुछ नहीं कह सकता। इस तरह के फैसले संबंधित व्यक्ति और पार्टी से जुड़े होते हैं। हालांकि, यदि दोनों विधान पार्षद भाजपा में शामिल हुए हैं, तो उन्हें कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ेगा।''

पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी ने बिहार विधान परिषद के सभापति के समक्ष याचिका दायर कर दोनों विधान पार्षदों को दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित करने की मांग की है।

पासवान ने यह भी कहा कि केवल भाजपा को समर्थन देने से शायद कोई कानूनी परिणाम नहीं निकले, लेकिन इसमें नैतिकता का सवाल जरूर शामिल है, क्योंकि वे (पार्षद) उस पार्टी के सहयोगी दल के साथ जा रहे हैं, जिसके खिलाफ उन्होंने चुनाव लड़ा था।

पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर सत्ता हासिल करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

पासवान ने पटना में संवाददाताओं से कहा, ''एसआईआर प्रक्रिया के तहत जिन लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, वे लंबे समय से अवैध रूप से देश के संसाधनों का इस्तेमाल कर रहे थे। जो मूल रूप से यहां की मूल आबादी के हैं... वास्तविकता यह है कि उनके नाम सही तरीके से हटाए गए हैं। मतदाता सूची में दोहराव था और मृत लोगों के नाम पर भी वोट डाले जा रहे थे।''

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में एसआईआर के खिलाफ विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की रैली में 1.4 लाख लोग भी शामिल नहीं हुए, क्योंकि यह कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को केंद्र की सत्ता में बने रहने के लिए कथित ''विदेशी मदद'' मिलने के आरोपों पर बहस की चुनौती देने संबंधी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पासवान ने कांग्रेस नेता पर अनुचित तरीकों से सत्ता हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ''विपक्ष, खासकर राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस, सत्ता हासिल करने के लिए इतनी बेचैन हो गई है कि वह स्थापित मानदंडों, परंपराओं और देश के कामकाज के तरीके को कमजोर करने के लिए भी तैयार है।''

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी पूरी ऊर्जा विकसित भारत के निर्माण में लगा रहे हैं, जबकि विपक्ष अनुचित तरीकों से सत्ता हासिल करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

लोजपा (रामविलास) के प्रमुख ने कांग्रेस नेताओं से सड़क निर्माण, बिजली की उपलब्धता और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसे आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भारत को अराजकता की ओर धकेलने की विपक्ष की योजना गलत है और वह इसमें सफल नहीं होगा।

भाषा

कैलाश रवि कांत