Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

रणजी ट्रॉफी: तन्मय सांघवी के पहले अर्धशतक से महाराष्ट्र ने बंगाल पर 64 रन की बढ़त बनाई

कोलकाता, तीन नवंबर (भाषा) युवा ऑलराउंडर तन्मय सांघवी के पहले अर्धशतक और आखिरी विकेट के लिए प्रदीप दाधे के साथ उनकी अटूट साझेदारी की बदौलत महाराष्ट्र ने शानदार वापसी करते हुए रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के दूसरे दिन मेजबान बंगाल पर पहली पारी में 64 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली।

महाराष्ट्र ने सुबह दो विकेट पर 21 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया और खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने तक 79 ओवर में नौ विकेट पर 207 रन बना लिए।

सांघवी 57 रन (तीन चौके, एक छक्का) बनाकर खेल रहे हैं जबकि दूसरे छोर पर दाधे (नाबाद 22 रन) उनका साथ निभा रहे हैं।

लगातार चौथी जीत की तलाश में जुटी ग्रुप में शीर्ष पर काबिज बंगाल की टीम पहले दिन 143 रन पर सिमट गई थी। वह महाराष्ट्र को कम स्कोर पर रोकने की स्थिति में दिख रही थी जब उसने 25.3 ओवर में महाराष्ट्र का स्कोर छह विकेट पर 64 रन कर दिया था।

हालांकि महाराष्ट्र के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार जुझारूपन दिखाया। अपना केवल तीसरा प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे सांघवी ने उपयोगी साझेदारियां करते हुए पारी को संभाला। बंगाल के गेंदबाज महाराष्ट्र के निचले क्रम को जल्दी समेटने में नाकाम रहे।

बंगाल के स्पिनर शाहबाज अहमद और प्रदीप्त प्रमाणिक ने मिलकर अच्छी गेंदबाजी की। प्रमाणिक ने इससे पहले केरल के खिलाफ मुकाबले में 10 विकेट हासिल किए थे।

शाहबाज ने 12 ओवर का लंबा स्पैल डाला लेकिन उन्हें पिच से ज्यादा मदद नहीं मिली। महाराष्ट्र की आखिरी जोड़ी ने मजबूती से बल्लेबाजी करते हुए बिना विकेट गंवाए 49 रन जोड़ दिए और टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया।

इससे पहले भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 22 ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जबकि उनके छोटे भाई मोहम्मद कैफ ने 33 रन देकर दो विकेट लिए।

महाराष्ट्र के प्रमुख बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी परेशानी हुई। दिग्विजय पाटिल (0), अंकित बावने (07), सचिन धस (07) और हर्षल काटे (01) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

टीम के कप्तान और भारतीय टीम से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव (12) की खराब फॉर्म जारी रही और वह कोई खास योगदान नहीं दे सके।

शाहबाज ने 34 रन देकर तीन विकेट झटके जिससे महाराष्ट्र का स्कोर नौ विकेट पर 158 रन हो गया था। इसके बाद सांघवी को दाधे के रूप में अच्छा साथी मिला।

सुबह शमी ने सातवें ओवर में दो विकेट लेकर महाराष्ट्र को शुरुआती झटके दिए जिससे टीम का स्कोर दो विकेट पर 18 रन हो गया।

बावने और वीर ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन कैफ ने सात रन के निजी स्कोर पर बावने को आउट कर उनकी साझेदारी तोड़ दी।

इसके बाद धस ने कुछ आक्रामक शॉट खेले, लेकिन सूरज जायसवाल ने उन्हें सुदीप चटर्जी के हाथों कैच करा दिया।

अगले ही ओवर में कैफ ने हर्षल काटे को एक रन के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट कर दिया। इससे महाराष्ट्र का स्कोर पांच विकेट पर 47 रन हो गया।

इसके बाद वीर ने 80 गेंद में 28 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज सौरभ नवाले ने 58 गेंद में 28 रन बनाकर छठे विकेट के लिए 55 रन जोड़े और पारी को कुछ स्थिरता दी।

शमी ने दोबारा गेंदबाजी पर लौटकर वीर को आउट किया, लेकिन नवाले ने एक छोर संभाले रखा और महाराष्ट्र को 100 रन के पार पहुंचाया।

नवाले और सांघवी ने सातवें विकेट के लिए 38 रन जोड़े। शाहबाज ने अभिषेक पोरेल के हाथों नवाले को कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।

इसके बाद राजवर्धन हंगरगेकर ने 25 गेंद में दो छक्कों की मदद से 24 रन की तेज पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी से महाराष्ट्र की टीम बंगाल की पहली पारी के स्कोर को पार करके बढ़त हासिल करने में सफल रही।

हालांकि शाहबाज ने लगातार दो विकेट लेकर हंगरगेकर और हितेश वालुंज (01) को पवेलियन भेज दिया। इससे महाराष्ट्र का स्कोर नौ विकेट पर 158 रन हो गया।

महाराष्ट्र की पारी जल्दी समाप्त होने का खतरा मंडरा रहा था, तब सांघवी और दाधे ने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक आखिरी विकेट बचाए रखा।

भाषा नमिता मोना

मोना