Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल ने वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम से की मुलाकात

हनोई, तीन नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने हनोई की अपनी यात्रा के दौरान वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम से मुलाकात की और उन्हें दक्षिण-पूर्व एशियाई देश के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई अपनी बातचीत के नतीजों से अवगत कराया।

डोभाल ने एक और दो नवंबर को वियतनाम की यात्रा की थी। उन्होंने ‘कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ वियतनाम’ के महासचिव रहे राष्ट्रपति तो लाम से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं।

हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि डोभाल ने भारत-वियतनाम उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में लगातार समर्थन देने के लिए तो लाम का आभार जताया।

दूतावास के अनुसार, बैठक के दौरान डोभाल ने वियतनामी नेताओं के साथ हुई अपनी बातचीत के नतीजों की जानकारी राष्ट्रपति को दी। उन्होंने मई में वियतनामी राष्ट्रपति की भारत की राजकीय यात्रा का भी उल्लेख किया।

दूतावास ने बताया कि डोभाल ने वियतनाम के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री जनरल लुओंग ताम क्वांग से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने कानून प्रवर्तन, साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

दूतावास के अनुसार, दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में क्षमता निर्माण को मजबूत करने पर सहमति जताई।

दूतावास ने कहा कि इन चर्चाओं से भारत और वियतनाम के बीच गहरी और परस्पर विश्वास पर आधारित सभ्यतागत साझेदारी की झलक मिलती है। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

डोभाल ने वियतनाम के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री जनरल फान वान जियांग से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने जारी द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की समीक्षा की और इस क्षेत्र में आपसी जुड़ाव को और मजबूत करने पर सहमति जताई।

उन्होंने विदेश मंत्री ले होआई ट्रुंग से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने वर्ष 2027 में भारत और वियतनाम के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 55वीं वर्षगांठ मनाने के तरीकों पर चर्चा की।

दूतावास ने कहा कि यह वर्षगांठ उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी की भावना के अनुरूप मनाई जाएगी।

अपनी यात्रा के दौरान डोभाल ने हनोई स्थित ऐतिहासिक क्वान सू पगोडा का भी दौरा किया। यह वियतनाम के राष्ट्रीय बौद्ध संघ का मुख्यालय है।

दूतावास ने बौद्ध धर्म को भारत और वियतनाम के लोगों के बीच एक ‘सभ्यतागत सेतु’ बताया।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि डोभाल की इस यात्रा से उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा करने का अवसर मिला।

भारत और वियतनाम ने मई में राष्ट्रपति तो लाम की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान अपने संबंधों को उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया था।

दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को सालाना 25 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भारत-वियतनाम साझेदारी में सुरक्षा सहयोग एक प्रमुख स्तंभ बना हुआ है।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश