Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

शुभेंदु ने विपक्षी नेताओं पर अराजकता रचने का आरोप लगाया, उत्तर बंगाल में विकास का वादा किया

सिलीगुड़ी, तीन नवंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाया कि वे ‘‘दिमागी नक्सलियों, जिहादियों तथा कॉकरोचों’’ की मदद से भारत में अराजकता फैलाने की साजिश रच रहे हैं, और ठीक वैसी ही स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं जैसी बांग्लादेश में है।

शुभेंदु ने सिलीगुड़ी के महात्मा गांधी चौक पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘बुआ-भतीजे’’ की जोड़ी सहित ‘‘राजनीतिक रूप से पराजित’’ नेता अराजकतावादियों का समर्थन मांगने दिल्ली गए थे।

उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को सत्ता में लौटने के लिए पहले चुनाव जीतना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा जानती है कि देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वालों से कैसे निपटना है।” उन्होंने कहा कि भाजपा उपद्रवियों को नहीं बख्शेगी।

शुभेंदु ने राजनीति में परिवारवाद को लेकर विपक्ष का मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘‘4जी’’ (जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी), ‘‘3जी’’ (करुणानिधि, एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन) और ‘‘2जी’’ (ममता बनर्जी-अभिषेक बनर्जी तथा लालू प्रसाद-तेजस्वी यादव) बताया, और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास ‘‘कोई जी’’ नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि मोदी के हस्तक्षेप के बिना अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं हो पाता। साथ ही, उन्होंने वाराणसी से चोरी हुई देवी अन्नपूर्णा की मूर्ति को वापस लाने का श्रेय भी प्रधानमंत्री को दिया।

संबंधित मूर्ति बाद में कनाडा की रेजिना यूनिवर्सिटी की मैकेंजी आर्ट गैलरी में मिली थी।

शुभेंदु ने कहा कि फरवरी में होने वाले सिलीगुड़ी नगर निकाय चुनावों में भाजपा बड़ी जीत हासिल करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि “कोलकाता नगर निकाय चुनाव के नतीजे फाल्टा, नंदीग्राम और रेजीनगर के नतीजों जैसे ही होंगे”, जहां भाजपा ने जीत हासिल की है।

उत्तर बंगाल में त्वरित विकास का वादा करते हुए, उन्होंने कहा कि सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इस क्षेत्र में कई हवाई अड्डों का उद्घाटन करेगी, चाय बागानों को फिर से खोलेगी, उच्च शिक्षा संस्थान स्थापित करेगी, रोजगार के अवसर पैदा करेगी और प्रवासी मजदूरों की वापसी में मदद करेगी।

शुभेंदु ने क्षेत्र की महिला मतदाताओं तक पहुँचने के स्पष्ट प्रयास में कहा, ‘‘पिछली सरकार के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को हम नहीं बख्शेंगे। इस सरकार ने (तृणमूल कांग्रेस के नेताओं) जहांगीर खान और शेख शाहजहां जैसे अपराधियों को दिखा दिया है कि हम कितने सख्त हो सकते हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि “कोलकाता और हावड़ा में जीत” के बाद भाजपा सिलीगुड़ी का रुख करेगी। उन्होंने कहा कि वह “राज्य के राजनीतिक कचरे को ब्लीचिंग पाउडर और फिनाइल से साफ कर देंगे।”

भाषा

नेत्रपाल माधव

माधव