बीजिंग, तीन नवंबर (भाषा) चीन में भारत के राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने पेट्रोचाइना इंटरनेशनल के चेयरमैन वू जुनली से मंगलवार को मुलाकात की और वैश्विक ऊर्जा मुद्दों के साथ-साथ ऊर्जा की भरोसेमंद एवं सुरक्षित आपूर्ति की जरूरत पर चर्चा की।
भारतीय दूतावास ने मंगलवार को एक पोस्ट में बताया कि दोराईस्वामी ने यह मुलाकात चाइना नेशनल पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (सीएनपीसी) के समूह चेयरमैन दाई होउलियांग और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के बीच हाल में हुई बैठक के सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए की।
दूतावास ने कहा, ‘‘दोनों ने वैश्विक ऊर्जा मुद्दों, ऊर्जा की भरोसेमंद एवं सुरक्षित आपूर्ति की जरूरत और बाजारों में स्थिरता पर चर्चा की।’’
सीएनपीसी के चेयरमैन दाई होउलियांग ने सितंबर में नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर पुरी से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान किया था।
यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में संकट गहरा रहा है और यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के तेल ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं।
चीन और भारत कच्चे तेल के दुनिया के दो सबसे बड़े आयातक देश हैं।
दोराईस्वामी ने 30 अक्टूबर को ऑल चाइना यूथ फेडरेशन के अध्यक्ष शू श्याओ से भी मुलाकात की थी।
भाषा
यासिर अजय
अजय