Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

उत्तरकाशी में चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले ट्रेक मार्गों पर आवाजाही बंद

उत्तरकाशी, तीन नवंबर (भाषा) उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण उत्तरकाशी जिले में गौमुख-तपोवन ट्रेक, लमखागा दर्रा और त्रिखंटा ट्रेक समेत चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले ट्रेक मार्गों पर आवाजाही रोक दी गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान और उत्तरकाशी वन प्रभाग ने पर्यटकों और ट्रेकर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल नए परमिट जारी नहीं करने का निर्णय लिया है।

गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान के उप निदेशक मयंक कुमार ने बताया कि 29 अक्टूबर को हुई बर्फबारी के बाद गौमुख-तपोवन ट्रेक पर भारी मात्रा में बर्फ जमा हो गई है। सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि केदारताल, कालिंदी खाल और उडनकोल आदि के लिए भी कोई नया परमिट जारी नहीं किया जा रहा है। मार्ग की स्थिति का आकलन करने और उसके सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद ही इसे दोबारा खोलने का निर्णय लिया जाएगा।

हालांकि, नेलांग घाटी और गरतांग गली पर्यटकों के लिए खुले हुए हैं।

उत्तरकाशी के प्रभागीय वन अधिकारी जीवन मोहन दगड़े ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ट्रेकिंग मार्गों पर आवाजाही जोखिमभरी हो गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक इन मार्गों के लिए अनुमति जारी नहीं की जाएगी।

जिले के केदारताल ट्रेक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण सात ट्रेकर्स और एक स्थानीय गाइड समेत आठ लोग लापता हैं। उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत