नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत को जैव-अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में वैश्विक अगुआ बनाने के लिए देश की वैज्ञानिक क्षमताओं और उद्यमशील प्रतिभा का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, गोयल ने मंगलवार को यहां ‘भारत की जैव-अर्थव्यवस्था की संभावनाएं : नवाचार और वृद्धि को आगे बढ़ाने में स्टार्टअप की भूमिका’ विषय पर आयोजित एक बैठक में कहा कि इस क्षेत्र के विकास के लिए मंजूरियों की प्रक्रिया तेज करना, वित्त तक बेहतर पहुंच, साझा बुनियादी ढांचा और उद्योग, शिक्षण संस्थानों तथा सरकार के बीच बेहतर सहयोग जरूरी है।
बैठक में जैव-औषधि स्टार्टअप परिवेश को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। इसमें नियामकीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने, मंजूरियों में तेजी लाने, प्रस्तावित नियामकीय सैंडबॉक्स, एकल-खिड़की मंजूरी, वैश्विक नियामकीय मानकों के अनुरूप व्यवस्था और पेटेंट आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने जैसे मुद्दे शामिल थे।
भाषा
यासिर प्रेम
प्रेम