Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक पर लापता आठ लोगों में से दो के शव बरामद

देहरादून, तीन नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण लापता हुए आठ पर्वतारोहियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार को दो लोगों के शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त टीम को बर्फ में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव मिले। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका।

मंगलवार अपराह्न तीन बजे अभियान समाप्त करने के बाद टीम अपने शिविर में लौट आई। टीम बुधवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू करेगी।

मौसम में सुधार होने के बाद टीम ने मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे तलाशी अभियान दोबारा शुरू किया था। इससे पहले, सोमवार को घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान एक तंबू और कुछ अन्य सामान मिला था।

अधिकारियों के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात पर्वतारोही और छह सहायक कर्मियों समेत 13 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। इनमें से एक रसोइया बीच रास्ते से ही लौट आया था जबकि बाकी सदस्यों को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था। लेकिन खराब मौसम, बर्फबारी और मार्ग में हिमस्खलन के कारण उनकी वापसी संभव नहीं हो सकी।

उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को ट्रैकिंग एजेंसी ने कुलियों और गाइड का एक दल भेजा था, जिसने करीब छह किलोमीटर तक रास्ता साफ किया। बाद में घटनास्थल के लिए रवाना किए गए बचाव दलों को चार लोग सुरक्षित मिले थे।

भाषा

दीप्ति रवि कांत