इरोड (तमिलनाडु), तीन नवंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मंगलवार को राज्यभर में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के 26,000 सदस्यों को बैंक ऋण के रूप में 3,000 करोड़ रुपये वितरित किए।
इस राज्यव्यापी वित्तीय सहायता पैकेज में इरोड जिले को बड़ा हिस्सा मिला। मुख्यमंत्री ने जिले के पेरुंदुरई में आयोजित एक कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह के नौ हजार से अधिक सदस्यों को 1,110 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए।
एक अधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के समूहों को राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह उनके कौशल और प्रतिभा को बढ़ावा देने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
ऋण वितरित करने से पहले मुख्यमंत्री विजय ने विशेष प्रदर्शनी और उत्पादों के स्टॉल भी देखे। इनमें राज्य के महिला स्वयं सहायता समूहों की सफलता की कहानियों और उनकी विविध क्षमताओं को प्रदर्शित किया गया था।
प्रदर्शनी में पारंपरिक गुड़ियों से लेकर कृषि उत्पादों सहित कई पारंपरिक वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। स्टॉल के निरीक्षण के दौरान विजय ने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से बातचीत की।
मुख्यमंत्री इरोड और नीलगिरि जिलों के स्वयं सहायता समूहों के खानपान स्टॉल पर रुके। उन्होंने समूह की महिला सदस्यों द्वारा बनाई गई चाय पी और अपनी जेब से पैसे दिए।
उन्होंने केले के रेशे से बना एक उत्पाद और अपने चेहरे की आकृति वाली एक मूर्ति भी खरीदी जो लकड़ी से बनायी गयी थी। इसके लिए उन्होंने ही महिला कारीगरों को भुगतान किया।
भाषा अविनाश
अविनाश