Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

यूक्रेन में सहायता केंद्र पर रूसी हमले में मृतकों की संख्या 29 हुई, 48 लोग अब भी लापता

कीव, तीन नवंबर (एपी) दक्षिणी यूक्रेन में मानवीय सहायता लेने के लिए इकट्ठा हुए लोगों पर किये गए रूसी हमले में मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 29 हो गई, जबकि 48 लोग अब भी लापता हैं। रात भर हुए हमलों में देश भर के बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया गया, अस्पतालों को नुकसान पहुंचा और इस दौरान कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।

राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक ऑनलाइन पोस्ट में बताया कि रूस ने नौ क्षेत्रों में 289 हमलावर ड्रोन, 17 बैलिस्टिक मिसाइलें और 59 क्रूज मिसाइलें दागीं, जिसके कारण आपातकालीन बिजली कटौती करनी पड़ी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह हमला अमेरिका में चुनावों के समय हुआ है।

उन्होंने कहा, “रूसियों को लगता है कि अमेरिका उनके इस संकेत पर ध्यान नहीं देगा। लेकिन हमें इस पर ध्यान देना होगा और इस तरह के आतंक को रोकना होगा। हमें यूक्रेन की मदद करनी चाहिए ताकि वह अपने आसमान की रक्षा कर सके; वरना, रूस अपने मिसाइल हमले कभी नहीं रोकेगा।”

निर्देशित बम हमले में सबसे पहले यूक्रेन के दक्षिणी जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोम्युशुवाखा गांव में स्थित एक स्कूल की इमारत को निशाना बनाया गया, जिसका इस्तेमाल मानवीय सहायता बांटने के लिए किया जाता था; इसके बाद पास के ही एक आश्रय स्थल को निशाना बनाया गया।

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के कार्यवाहक प्रमुख मिखाइलो सेमकिन ने मंगलवार को बताया कि मृतकों में चार पुलिस अधिकारी और दो बचावकर्मी शामिल थे। कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि खारकीव के उत्तर-पूर्वी इलाके में रूस के मिसाइल और ड्रोन के संयुक्त हमले में कम से कम 62 लोग घायल हो गए।

नेमिशलियान्स्की जिले में हुए एक हमले से एक चिकित्सा केंद्र को नुकसान पहुंचा, चार अपार्टमेंट इमारतों की खिड़कियां टूट गईं और कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनिएहुबोव ने बताया कि 200 से अधिक मरीजों को अन्य चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित कर दिया गया है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, निप्रो इलाके में मंगलवार सुबह बचाव कर्मियों ने मलबे से एक महिला को जीवित बाहर निकाला। इससे पहले हुए रूसी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 17 लोग घायल हो गए थे।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि उसने रात भर में यूक्रेन के 856 ड्रोन मार गिराए। मास्को के महापौर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि रूसी राजधानी की ओर 493 ड्रोन भेजे गए थे।

क्षेत्रीय गवर्नर मिखाइल येवरायेव ने मंगलवार को बताया कि रूस के यारोस्लाव शहर में एक तेल रिफाइनरी पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में दो कर्मचारी घायल हो गए। उन्होंने यह भी कहा कि रिफाइनरी के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

एपी

प्रशांत पवनेश

पवनेश