नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने लद्दाख विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में आठ में से पांच सीट जीती हैं। अभाविप ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र शाखा अभाविप के एक बयान के अनुसार, हाल में हुए इस चुनाव में दावा नामग्याल को अध्यक्ष, त्सेरिंग यांगडोल को उपाध्यक्ष, स्टैनज़िन रिग्डोल को महासचिव, राब्सकिट डोलमा को संयुक्त सचिव और तेनज़िन त्सेवांग को खेल सचिव चुना गया।
परिषद की जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख इकाई के सचिव सन्नक श्रीवत्स ने कहा कि यह जीत छात्र कल्याण, शैक्षणिक विकास और रचनात्मक नेतृत्व के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता में विद्यार्थियों के भरोसे को दर्शाती है।
श्रीवत्स ने कहा, ‘‘आठ में से पांच पदों पर जीत हासिल करना पूरे अभाविप परिवार के लिए गर्व की बात है। यह जनादेश एक स्पष्ट संदेश देता है कि 'जेन जी' अभाविप के साथ है और जिम्मेदार छात्र नेतृत्व के इसके दृष्टिकोण में विश्वास रखता है।’’
अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद के सदस्य दोरजे नामग्याल ने कहा कि यह जनादेश विद्यार्थियों की भागीदारी और संगठन की विद्यार्थी-केंद्रित गतिविधियों में उनके भरोसे को दर्शाता है।
उन्होंने चुनाव के दौरान काम करने वाले अभाविप सदस्यों को बधाई दी और भरोसा जताया कि चुने गए प्रतिनिधि लद्दाख के विद्यार्थियों के कल्याण, अधिकारों और शैक्षणिक हितों के लिए काम करेंगे।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप