कोलकाता, तीन नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा कॉलेज स्ट्रीट स्थित प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय परिसर में ‘‘अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिशों’’ के खिलाफ वामपंथी छात्र संगठनों ने मंगलवार को संस्थान में विरोध-प्रदर्शन किया।
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) - जो क्रमशः माकपा, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) और भाकपा(एमएल) लिबरेशन के छात्र संगठन हैं - से ताल्लुक रखने वाले प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे परिसर को दक्षिणपंथी राजनीतिक गतिविधियों का अड्डा नहीं बनने देंगे।
छात्रों ने उन कोशिशों का भी विरोध किया, जिन्हें उन्होंने ‘‘असहमति की आवाज दबाने की कोशिश’’ करार दिया है।
उन्होंने यह भी मांग की कि छात्र संघ चुनाव जल्द से जल्द कराए जाएं।
प्रदर्शन के दौरान, हाथों में झंडे और तख्तियां लिए हुए छात्रों ने इन मुद्दों को लेकर नारे लगाए।
एसएफआई की प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय इकाई के प्रवक्ता बीटन इस्लाम ने कहा, ‘‘विरोध प्रदर्शन में 200 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। हमने इन मुद्दों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा है।’’
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप