बीड, तीन नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में वीडियो कॉल पर अंतरंग दृश्यों को गुप्त तरीके से रिकॉर्ड कर एक व्यक्ति को ब्लैकमेल कर उससे 52 लाख रुपये वसूलने के आरोप में पुलिस ने नेपाल की दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों संदिग्ध महिलाएं दिल्ली में रह रही थीं।
पुलिस के अनुसार, 36 वर्षीय शिकायतकर्ता मूल रूप से बीड का रहने वाला है और फिलहाल पुणे में रहता है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब दो साल पहले बीड के एक होटल में ठहरने के दौरान सोशल मीडिया से जुड़े एक ऐप के जरिए उसकी एक महिला से दोस्ती हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ा तथा महिला ने उसे निजी वीडियो कॉल करने के लिए राजी कर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने वीडियो कॉल के दौरान आपत्तिजनक दृश्यों की कथित तौर पर रिकॉर्डिंग कर ली और बाद में उसे सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित करने की धमकी देकर पैसे मांगे।
अधिकारी के अनुसार, महिला ने मांग पूरी नहीं करने पर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी थी।
उन्होंने बताया कि सात मई से 13 जून 2024 के बीच आरोपी महिलाओं ने व्यक्ति को कथित तौर पर धमकी देकर उसके बैंक खाते से 52 लाख रुपये विभिन्न माध्यमों से अंतरित करा लिए।
इस रकम को कई बैंक खातों, यूपीआई और क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन सहित विभिन्न माध्यमों से भेजा गया था।
अधिकारी के अनुसार, दोनों महिलाओं के खिलाफ दर्ज शिकायत में व्यक्ति ने आरोप लगाया कि वे नेपाली नागरिक हैं और उन्होंने जाली दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल किए हैं।
अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति ने यह भी संदेह जताया कि दोनों महिलाएं इस तरह की गतिविधियों की आड़ में भारतीय महिलाओं की विदेशों में तस्करी करने वाले एक अवैध गिरोह से जुड़ी हो सकती हैं।
अधिकारी के अनुसार, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। शिकायत के आधार पर शिवाजीनगर थाने में सोमवार को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े सोशल मीडिया खातों, फोन नंबरों, बैंक खातों आदि का फॉरेंसिक विश्लेषण किया जा रहा है।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश