नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी का 2032 तक अपनी स्थापित क्षमता बढ़ाकर 149 गीगावाट करने का लक्ष्य है। इसके लिए कंपनी 58 गीगावाट की अतिरिक्त क्षमता जोड़ने की तैयारी कर रही है।
कंपनी के चेयरमैन गुरदीप सिंह ने मंगलवार को यहां ‘केपीएमजी एनरिच 2026’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नई क्षमता में नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न स्रोतों से बिजली उत्पादन शामिल होगा।
एक सत्र में उन्होंने परमाणु ऊर्जा क्षेत्र के लिए एनटीपीसी की योजनाओं की जानकारी भी दी।
सिंह ने कहा कि फिलहाल एनटीपीसी की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता 91 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1,000 मेगावाट) है और 2032 तक कंपनी इसे बढ़ाकर 149 गीगावाट कर लेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है...अब हम परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। वर्ष 2037 तक 250 गीगावाट क्षमता का जो लक्ष्य रखा गया है, उसमें करीब 30 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता की योजना है।’’
सूत्रों के अनुसार, एनटीपीसी ने मध्य प्रदेश, बिहार और ओडिशा में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा क्षमता के लिए व्यवहार्यता अध्ययन पूरा कर लिया है और अन्य राज्यों में भी नए स्थानों की तलाश करेगी।
घरेलू बिजली क्षेत्र के बारे में चेयरमैन ने कहा कि यह मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मजबूती दिखा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुनियाभर में तमाम उथल-पुथल के बावजूद भारत में ऊर्जा की कीमतों में तेज उछाल नहीं देखा गया है। मुझे लगता है कि भारत में वैसी तेजी नहीं आई है, जैसी हमने दुनिया के दूसरे हिस्सों में देखी है।’’
सिंह ने बताया कि इस साल अक्टूबर में बिजली की मांग में 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह हर महीने बढ़ रही है।
बिजली मंत्रालय के तहत आने वाली एनटीपीसी देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादन कंपनी है। यह अकेले देश की कुल ऊर्जा मांग का एक-चौथाई हिस्सा पूरा करती है।
भाषा निहारिका रमण
रमण