चंडीगढ़, तीन नवंबर (भाषा) पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले तीन नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 12 पिस्तौल और दो हथगोले भी बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अमृतसर पुलिस आयुक्तालय ने उनके पास से 310.10 ग्राम हेरोइन और 33 कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जांच में पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे अपने आकाओं और गैंगस्टरों के संपर्क में थे। ये लोग ड्रोन के जरिए खेप भेजकर अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की आपूर्ति करते थे, जिन्हें आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था।
अमृतसर के रंजीत एवेन्यू, छेहरटा और सुल्तानविंड थानों में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क के संपर्कों का पता लगाने, अन्य सहयोगियों की पहचान करने और अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले व्यापक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा