कोच्चि (केरलम), तीन नवंबर (भाषा) केरल उच्च न्यायालय ने ‘स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) के 16 विद्यार्थियों को सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने की मंजूरी देने के एकल न्यायाधीश के आदेश के विरुद्ध श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय और उसकी कुलपति सिजा थॉमस की याचिका मंगलवार को स्वीकार कर ली।
एकल न्यायाधीश ने 30 अक्टूबर को निलंबित विद्यार्थियों को चार नवंबर से आरंभ हो रहे परीक्षाओं में बैठने की अनुमति दी थी और विश्वविद्यालय को निर्देश दिया था कि वह आवश्यक परीक्षा शुल्क स्वीकार करे।
इस आदेश को न्यायमूर्ति अनिल के नरेन्द्रन और न्यायमूर्ति मुरली कृष्ण एस की खडपीठ के समक्ष चुनौती दी गयी। खंडपीठ ने विश्वविद्यालय एवं थॉमस की यह अपील स्वीकार कर ली। विस्तृत फैसले का इंतजार है।
निलंबित विद्यार्थियों ने सोमवार को विश्वविद्यालय के बाहर भूख हड़ताल शुरू की।
उन्होंने उच्च न्यायालय के फैसले को ‘‘निराशाजनक’’ बताया, लेकिन कहा कि विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वे इसके खिलाफ कानूनी कदम उठायेंगे।
प्रदर्शनकारियों में से एक ने पत्रकारों से कहा, ‘‘विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।’’
विश्वविद्यालय के ये विद्यार्थी दो महीने से अधिक समय से निलंबित हैं। उन पर कुलपति का प्रतीकात्मक रूप से अंतिम संस्कार करने और उन पर हमला करने का आरोप है।
सोमवार को, श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय (जिसे कलाडी विश्वविद्यालय के नाम से भी जाना जाता है) के ‘सिंडिकेट’ ने फैसला किया कि 16 में से 12 विद्यार्थियों का निलंबन वापस लिया जा सकता है यदि वे कुलपति से लिखित में माफी मांग लें।
सिंडिकेट के सदस्यों ने कहा कि बाकी चार विद्यार्थियों के निलंबन की अवधि दो महीने और बढ़ा दी जाएगी, क्योंकि वे निलंबित होने के बावजूद विश्वविद्यालय परिसर में आ गए थे।
सिंडिकेट के फैसले के जवाब में ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने कहा कि उनकी तरफ से कोई माफी नहीं मांगी जाएगी।
इससे पहले दिन में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की केरल इकाई के सचिव एम.वी. गोविंदन ने तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से कहा कि आरएसएस के नेताओं - जिनमें वी.डी. सावरकर भी शामिल थे - ने कथित तौर पर अंग्रेजों से माफी मांगी थी और सजा से बचने के लिए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा न लेने का वादा किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘ केरलम में एसएफआई ऐसा रुख नहीं अख्तियार करेगा। विद्यार्थी विरोधी फैसले के विरुद्ध जबर्दस्त प्रदर्शन होगा।’’
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश