Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

जम्मू-कश्मीर : उपमुख्यमंत्री ने राम माधव के दौरे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा

जम्मू, तीन नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता राम माधव के केंद्रशासित प्रदेश के दौरे को लेकर पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कमल के खिलने का भी एक मौसम होता है और यह पूरे साल नहीं खिलता।

भाजपा नेता का यह दौरा केंद्रशासित प्रदेश में एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बीच हो रहा है। श्रीनगर से लोकसभा सदस्य सैयद आगा रूहुल्ला मेहदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर अनुच्छेद 370 की बहाली सहित चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव जम्मू-कश्मीर में पार्टी के मामलों और चुनावी रणनीति को संभालने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं।

उन्होंने 2015 में भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार के गठन और उसके साझा न्यूनतम कार्यक्रम को तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी।

उपमुख्यमंत्री चौधरी ने जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक घटनाक्रम और राम माधव के दौरे के बारे में पूछे जाने पर कहा, “हर चीज का एक समय होता है। मुझे नहीं लगता कि इस तरह की चर्चा के लिए यह उचित समय है।”

उन्होंने भाजपा के चुनाव चिह्न पर तंज कसते हुए कहा कि हर फूल के खिलने का अपना मौसम होता है।

उपमुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, “सर्दियां आने वाली हैं। कमल खिलेगा, मुरझाएगा और चला जाएगा।”

चौधरी ने कहा कि उन्हें राम माधव के दौरे के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी नहीं है और न ही उन्हें पता है कि वह राजनेताओं से बातचीत करने आ रहे हैं या मीडिया से मिलने।

उन्होंने कहा, “शायद वह चर्चा करने, मीडिया से मिलने या आप लोगों से मुलाकात करने आ रहे हैं। मुझे नहीं पता। हमें ऐसे किसी कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं है।”

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा