गोपेश्वर, तीन नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले में हेलीकॉप्टर हादसे के घटनास्थल का निरीक्षण कर लौटते समय वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) के एक अधिकारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पिछले सप्ताह 30 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा निजी कंपनी 'ट्रांस भारत एविएशन' का एक हेलीकॉप्टर चमोली जिले के जोशीमठ में चाई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में कर्नाटक के पांच श्रद्धालुओं और दिल्ली के एक पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई थी।
चमोली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे गोपेश्वर स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि एक नवंबर को पांडुकेश्वर के रास्ते दुर्घटनास्थल के लिए निकले दल के सामने आपात स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस दल में एएआईबी के अधिकारी भी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, एएआईबी के अधिकारी की अचानक तबीयत खराब हो गई थी और वह चलने में भी असमर्थ हो गए थे।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ का बचाव दल मौके पर भेजा गया। बचावकर्मी अधिकारी को अपने कंधों पर उठाकर दुर्गम रास्तों से होते हुए पांडुकेश्वर ले आए।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के अधिकारियों के अनुसार, एएआईबी की टीम को दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मंगलवार दोपहर तक देहरादून लौटना था।
हादसे की जांच के बीच हेलीकॉप्टर का संचालन करने वाली कंपनी 'ट्रांस भारत एविएशन' के एक प्रतिनिधि ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि दुर्घटना वाले दिन यानी 30 अक्टूबर को अपराह्न 12:30 बजे से 1:30 बजे के बीच बदरीनाथ से सात से आठ हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी थी।
उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण दोपहर 12 बजे तक हेलीकॉप्टरों का संचालन स्थगित रहा था। दोबारा संचालन शुरू होने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर से करीब छह मिनट पहले ट्रांस भारत एविएशन के एक अन्य हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से उड़ान भरी थी और वह देहरादून में सुरक्षित उतर गया था।
कंपनी के प्रतिनिधि ने कहा, ''इस बात की संभावना कम है कि हेलीकॉप्टर में कोई तकनीकी खराबी आई होगी, क्योंकि उसने देहरादून से उड़ान भरने के बाद बदरीनाथ पहुंचने तक एक घंटे की उड़ान पूरी की थी।''
भाषा
सं, दीप्ति रवि कांत रवि कांत