अमरावती, तीन नवंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के दौरान त्वरित सहायता और सहयोग देने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया।
तूफान के कारण राज्य के 15 जिलों में हजारों एकड़ में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
नायडू ने कहा कि राज्य सरकार की मशीनरी बचाव एवं राहत अभियान चलाने और सड़कों से मलबा हटाने के लिए केंद्रीय दलों के साथ मिलकर काम कर रही है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संदेश के जवाब में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमित शाह जी, चक्रवात ‘मुरासु’ के दौरान केंद्र सरकार की त्वरित सहायता और सहयोग के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। हमारी राज्य सरकार की मशीनरी बचाव, राहत और सड़कों को साफ करने का काम बिना किसी देरी के पूरा करने के लिए केंद्रीय टीमों के साथ मिलकर काम कर रही है।’’
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख ने कहा, ‘‘हम मिलकर आंध्र प्रदेश में सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे और हालात को जल्द सामान्य बनाने के लिए काम करेंगे।’’
इससे पहले, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्होंने नायडू से फोन पर बात की और चक्रवात 'मुरासु' के प्रभाव को लेकर जानकारी ली।
शाह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा 'उन्हें (नायडू को) केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के दल पहले से ही मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं। भारत सरकार पूरी दृढ़ता के साथ लोगों के साथ खड़ी है।'
भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' ने आज सुबह आंध्र प्रदेश के तट से गुजरते हुए भारी तबाही मचाई। तूफान के कारण हजारों पेड़ उखड़ गए, बिजली के सैकड़ों खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और मछली पकड़ने की कई नौकाएं नष्ट हो गईं।
मुरासु की वजह से बापटला और प्रकाशम जिलों में भारी बारिश होने के साथ तेज हवाएं चलीं, जिससे खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं और कई इलाके जलमग्न हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार तड़के सुबह 3:30 बजे से 5:30 बजे के बीच भीषण चक्रवाती तूफान ने ओंगोल के पास नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दी। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि हवा की अधिकतम गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश