मुंबई, तीन नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को बंबई उच्च न्यायालय की टिप्पणियों को भाजपा नेताओं के लिए ‘तमाचा’ करार देते हुए सत्तारूढ़ दल से माफी मांगने और प्रदूषण मुक्त दिवाली अभियान से जुड़ा वीडियो हटाने के लिए जिम्मेदार नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
उच्च न्यायालय ने प्रदूषण से संबंधित एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए राजनेताओं द्वारा फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई।
अदालत ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो बहाल करने का सुझाव देते हुए संबंधित सभी पक्षों को याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है।
नगर निगम के पर्यावरण अनुकूल दिवाली अभियान के लिए बनाया गया मिर्जा का वीडियो सोमवार को विवादों में आ गया था। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति और महापौर रितु तावड़े की ओर से अभिनेत्री को ‘हिंदू विरोधी’ बताए जाने के बाद नगर निगम ने सोशल मीडिया से उनका वीडियो हटा दिया था।
मिर्जा के वीडियो में लोगों से ध्वनि और वायु प्रदूषण से बचने की अपील की गई थी। हालांकि, बीएमसी के ‘एक्स’ और इंस्टाग्राम पेज पर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और निशिगंधा वाड के साथ-साथ क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के अभियान से जुड़े वीडियो बने रहे।
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा, ‘‘अमित साटम सहित भाजपा नेताओं और नफरत की राजनीति करने वालों में अगर जरा भी शर्म बची है, तो उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।’’
उन्होंने वीडियो हटाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने दोहराया कि यह कदम असंवैधानिक और गैरकानूनी था।
सावंत ने कहा कि उच्च न्यायालय ने भाजपा नेताओं को सख्त लहजे में याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अदालत की टिप्पणी को भाजपा नेताओं के लिए एक ‘तमाचा’ बताया।
इस बीच, भाजपा विधायक राम कदम ने दीया मिर्जा पर तीखा हमला करते हुए सनातन हिंदू परंपराओं की उनकी समझ पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन धर्मों के बारे में फिल्मी हस्तियों को जानकारी नहीं है, उनके बारे में उन्हें टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
भाषा संतोष नरेश
नरेश