Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

अमेरिकी मतदाता अर्थव्यवस्था से निराश या इसके पीछे कोई और वजह? चुनाव से पहले बढ़ी चिंता

(एरिन के लॉकवुड, यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, इर्विन )

इरविन (अमेरिका), तीन नवंबर (द कन्वरसेशन) अमेरिका में तीन नवंबर 2026 को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी के लिए जनमत सर्वेक्षणों के नतीजे चिंताजनक नजर आ रहे हैं। इसकी एक बड़ी वजह अर्थव्यवस्था को लेकर आम लोगों में गहरी निराशा है।

महंगाई को छोड़ दें तो सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि समेत अर्थव्यवस्था के कई प्रमुख संकेतक मजबूत बने हुए हैं। इसके बावजूद उपभोक्ताओं का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।

इससे यह बहस शुरू हो गई है कि क्या मतदाताओं की निराशा महज उनकी धारणा या भावनाओं का नतीजा है अथवा अर्थव्यवस्था की स्थिति मापने के लिए लंबे समय से इस्तेमाल किए जा रहे पैमाने अब अमेरिकियों की वास्तविक आर्थिक स्थिति को सही ढंग से नहीं दर्शा रहे हैं।

यह बहस राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि मध्यावधि चुनाव में मतदाता अर्थव्यवस्था को सबसे अहम मुद्दा मान रहे हैं। अक्टूबर 2026 की शुरुआत में प्यू रिसर्च के एक सर्वेक्षण में 84 प्रतिशत पंजीकृत मतदाताओं ने कहा कि मतदान के लिए अर्थव्यवस्था बहुत महत्वपूर्ण है। यह चिंता दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के समर्थकों में समान रूप से दिखाई दी। सर्वेक्षण में 82 प्रतिशत रिपब्लिकन और 88 प्रतिशत डेमोक्रेट मतदाताओं ने अर्थव्यवस्था को बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।

मतदाताओं की आर्थिक निराशा बढ़ने की एक बड़ी वजह रिपब्लिकन समर्थकों का बदलता रुख है। डेमोक्रेट समर्थक अब भी अर्थव्यवस्था को लेकर अधिक निराश हैं, लेकिन दोनों दलों के समर्थकों के बीच अंतर कम हो रहा है। इन रुझानों से कांग्रेस में डेमोक्रेट पार्टी को बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन नियंत्रण वाली कांग्रेस के कार्यकाल में आम अमेरिकियों के लिए अर्थव्यवस्था की स्थिति के आकलन के रूप में देखा जा सकता है।

---- आर्थिक आंकड़े और लोगों की धारणा में अंतर ----

वित्तीय बाजारों और वैश्विक असमानता के अध्ययन से जुड़े एक शोधकर्ता के तौर पर मेरा मानना है कि लोगों की व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति और समग्र अर्थव्यवस्था के बारे में उनकी सोच के बीच संबंध में बुनियादी बदलाव आ रहा है।

अर्थशास्त्री लोगों की आर्थिक धारणा समझने के लिए मिशिगन विश्वविद्यालय के उपभोक्ता विश्वास सूचकांक का इस्तेमाल करते हैं। इसमें लोगों की व्यक्तिगत वित्तीय स्थिति, भविष्य की आर्थिक संभावनाओं और बड़ी खरीदारी के लिए मौजूदा समय की उपयुक्तता के बारे में सवाल पूछे जाते हैं।

पहले यह सूचकांक उपभोक्ता खर्च और महंगाई जैसे आर्थिक संकेतकों के अनुरूप चलता था। लेकिन हाल के वर्षों में दोनों के बीच अंतर बढ़ा है। उपभोक्ता खर्च मजबूत होने, कारोबार में निवेश बढ़ने और बेरोजगारी कम रहने के बावजूद उपभोक्ता विश्वास सूचकांक पिछले एक साल में 10 प्रतिशत गिर गया है।

कुछ विश्लेषक इसके लिए महंगाई को जिम्मेदार मानते हैं। हालांकि, जून 2022 में 9.1 प्रतिशत के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद महंगाई सितंबर 2026 में घटकर 3.7 प्रतिशत रह गई। इसके बावजूद उपभोक्ता विश्वास उस समय से भी नीचे है।

वेतन के आंकड़े भी इस स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट नहीं करते। वर्ष 2022 से 2026 की पहली छमाही तक महंगाई के हिसाब से समायोजित वास्तविक वेतन में वृद्धि हुई, लेकिन उपभोक्ता विश्वास कमजोर रहा। हाल के महीनों में वास्तविक वेतन में गिरावट आई है, जो मतदाताओं की बढ़ती निराशा की एक वजह हो सकती है।

---- आर्थिक वृद्धि के बीच बढ़ती असमानता ----

इस अंतर की एक बड़ी वजह अमेरिका में बढ़ती आर्थिक असमानता हो सकती है। पिछले 20 वर्षों में आय की असमानता बढ़ी है। फेडरल रिजर्व के अनुसार उपभोक्ता खर्च मजबूत है, लेकिन देश के सबसे अमीर 10 प्रतिशत लोग कुल उपभोक्ता खर्च का आधा हिस्सा करते हैं। वहीं, सबसे निचले 80 प्रतिशत आय वर्ग के लोगों का खर्च महंगाई की रफ्तार से पीछे रह गया है।

इसका अर्थ है कि उपभोक्ता खर्च के मजबूत आंकड़े मुख्य रूप से अमीर अमेरिकियों के खर्च से संचालित हो रहे हैं और आम लोगों की आर्थिक स्थिति को सही ढंग से नहीं दर्शाते।

संपत्ति की असमानता भी गंभीर है। अमेरिका के सबसे अमीर 0.1 प्रतिशत परिवारों के पास सबसे निचले 50 प्रतिशत परिवारों की कुल संपत्ति से पांच गुना अधिक संपत्ति है। शेयर बाजार में तेजी का असमान लाभ और संपत्ति पर लगने वाले कर इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं।

---- मतदाता केवल अपनी आर्थिक स्थिति नहीं देखते ----

अर्थशास्त्री आमतौर पर मानते हैं कि उपभोक्ता सर्वेक्षणों में लोग अपनी व्यक्तिगत आर्थिक परिस्थितियों के आधार पर जवाब देते हैं। हालांकि, कुछ शोधकर्ताओं के अनुसार उनकी राय देश की समग्र अर्थव्यवस्था, समानता, अवसरों और आर्थिक न्याय जैसे मुद्दों से भी प्रभावित होती है। इसे 'सामाजिक आर्थिक धारणा' कहा जाता है।

शोध बताते हैं कि मतदाता सत्तारूढ़ पार्टी के पक्ष या विरोध में फैसला लेते समय अपनी व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति की तुलना में देश की अर्थव्यवस्था के बारे में अपनी धारणा को अधिक महत्व देते हैं।

व्यापार नीति इसका उदाहरण है। अमेरिकी नागरिक शुल्कों और व्यापार संबंधी फैसलों पर राय बनाते समय केवल अपने व्यक्तिगत लाभ-नुकसान के बजाय यह भी देखते हैं कि उनका देश की अर्थव्यवस्था पर क्या असर पड़ेगा।

इसलिए संभव है कि लोग अपनी आर्थिक स्थिति के साथ-साथ देश में बढ़ती असमानता को भी ध्यान में रख रहे हों। यही वजह हो सकती है कि मजबूत आर्थिक आंकड़ों के बावजूद उपभोक्ता विश्वास कमजोर बना हुआ है।

आर्थिक आंकड़ों और आम लोगों की धारणाओं के बीच इस अंतर को समझना आने वाली कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण होगा। यदि आर्थिक असुरक्षा के कारण मतदाता सत्तारूढ़ पार्टी को चुनाव में नुकसान पहुंचाते हैं, तो नई कांग्रेस से इस समस्या का समाधान करने की अपेक्षा की जाएगी।

पिछले छह वर्षों के अनुभव बताते हैं कि केवल आर्थिक संकेतकों में सुधार पर्याप्त नहीं है। सरकार को आम लोगों के वास्तविक आर्थिक अनुभवों, उनकी चिंताओं और देश में बनाई जा रही आर्थिक व्यवस्था की प्रकृति पर भी ध्यान देना होगा।

द कन्वरसेशन

मनीषा नरेश

नरेश