Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

महाराष्ट्र: गोकुल डेयरी चुनाव परिणाम को लेकर कांग्रेस एमएलसी पाटिल ने सरकार पर साधा निशाना

मुंबई, तीन नवंबर (भाषा) कांग्रेस के विधानपरिषद सदस्य सतेज पाटिल ने मंगलवार को महाराष्ट्र के सत्तारुढ़ गठबंधन महायुति पर निशाना साधते हुए दावा किया कि गोकुल दुग्ध सहकारी समिति के संचालन ढांचे को बदलने की कोशिशें की जा रही हैं, ताकि उनके समर्थन वाले निर्वाचित पैनल को कार्यभार संभालने से रोका जा सके।

एक खुले पत्र में, पाटिल ने यह भी दावा किया कि बड़ी सहकारी संस्थाओं में सरकार द्वारा नामित निदेशकों की संख्या बढ़ाने के लिए 'महाराष्ट्र सहकारी समिति अधिनियम' में संशोधन करने के प्रस्ताव हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन कदमों का मकसद दुग्ध उत्पादकों के फैसले को दरकिनार करना है।

पाटिल ने पत्र में सवाल किया, ‘‘तकनीकी आधार पर जनादेश में बाधा डाली जा रही है। फिर मतदान का क्या मतलब रह जाता है?’’

कांग्रेस के विधानपरिषद सदस्य के नेतृत्व वाले 'राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी अघाड़ी' ने कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (जिसे आमतौर पर 'गोकुल' के नाम से जाना जाता है) के लिए 19 अक्टूबर को हुए चुनाव में 25 में से 13 सीट जीतीं।

महायुति समर्थित पैनल ने 12 सीट जीतीं। यह भाजपा के नेतृत्व वाले इस सत्ताधारी गठबंधन के लिए एक बड़ा झटका है, जिसके नेताओं ने इस प्रभावशाली सहकारी संस्था पर नियंत्रण पाने की कोशिश में एक साथ मिलकर प्रचार किया था।

पाटिल ने सवाल उठाया कि क्या चुनाव हारने के बाद किसी सहकारी संस्था पर नियंत्रण पाने के लिए कानूनों में बदलाव किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशें उन दुग्ध उत्पादकों के साथ विश्वासघात होंगी, जिन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि अगर चुने हुए प्रतिनिधियों को सत्ता संभालने से रोका जाए, तो फिर लोकतंत्र का मतलब ही क्या रह जाता है?

पाटिल ने लोगों से अपील की कि वे दुग्ध उत्पादकों के लोकतांत्रिक जनादेश को 'हड़पने' की कोशिशों के खिलाफ खड़े हों, सहकारी संस्थाओं में राजनीतिक दखल का विरोध करें और यह सुनिश्चित करें कि 'गोकुल' लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रतिनिधियों के नियंत्रण में ही रहे।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश