Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

भाजपा ने दीया मिर्जा, नसीरुद्दीन शाह पर साधा निशाना ; हिंदू त्योहारों पर सवाल उठाने का लगाया आरोप

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बॉलीवुड कलाकारों दीया मिर्जा और नसीरुद्दीन शाह पर पर्यावरण संबंधी मुद्दों को लेकर ‘‘चुनिंदा ’’ रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि ये लोग अन्य धर्मों के त्योहारों के दौरान प्रदूषण से जुड़े मामलों पर तो चुप रहते हैं, लेकिन हिंदू त्योहारों पर सवाल उठाते हैं।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘चुनिंदा संदेश दिए जाते हैं। आप कहते हैं कि लोगों को पर्यावरण का ध्यान रखना चाहिए। लेकिन जब ईद और बकरीद आती है तथा बकरों की कुर्बानी दिये जाने के कारण जल प्रदूषण होता है, तो नसीरुद्दीन शाह और दीया मिर्जा जैसे लोग एक शब्द भी नहीं बोलते।’’

भाटिया से उस मामले के बारे में पूछा गया, जिसमें मुंबई उच्च न्यायालय ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के पर्यावरण-अनुकूल और पटाखा मुक्त दिवाली के लिए मिर्जा के एक वीडियो को लेकर हुए विवाद पर ‘‘गहरा दुख और नाराजगी’’ जताई है, और नगर निकाय से उनकी ‘क्लिप’ को फिर से अपलोड करने के लिए कहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उन्होंने उच्च न्यायालय का आदेश नहीं देखा है और इसलिए वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जो हिंदू त्योहारों के दौरान पर्यावरण संरक्षण और ध्वनि प्रदूषण को लेकर चिंता जताते हैं, वे अन्य धर्मों के त्योहार पर चुप रहते हैं।

भाटिया ने कहा, ‘‘नागरिक हमेशा नागरिक ही होता है। अगर उसे पर्यावरण की चिंता है, तो उसे हमेशा चिंता होनी चाहिए। अगर उसे ध्वनि प्रदूषण की चिंता है, तो उसे हमेशा चिंता होनी चाहिए। ऐसा नहीं हो सकता कि हिंदू त्योहारों पर तो आप बयान दें, लेकिन अन्य धर्मों के त्योहारों पर आप चुप रहें।’’

उन्होंने यह भी कहा कि चिंता जताने का इस तरह का चयनात्मक तरीका, इन मुद्दों को उठाने वालों की विश्वसनीयता पर असर डालता है।

उन्होंने कहा, ‘‘यही वजह है कि मैं कहूंगा कि इन लोगों की कोई विश्वसनीयता नहीं है... इन्हें हिंदू समुदाय को कोई संदेश देने की जरूरत नहीं है।’’

भाटिया ने कहा कि देश कानून से चलता है और नागरिकों को अदालती आदेशों का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना ​​है कि हिंदू धर्म के अनुयायी सहनशील हैं और वे संविधान का सम्मान भी करते हैं। हमने पहले भी देखा है कि उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के फैसलों को नागरिकों, खासकर हिंदुओं ने स्वीकार किया है, और दिवाली भी मनाई है।’’

मिर्जा मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए, उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ ने मंगलवार को कहा कि वह कुछ लोगों, खासकर आम आदमी का प्रतिनिधित्व करने वालों की ‘‘छोटी सोच’’ से बहुत दुखी हैं।

पीठ ने कहा कि यह ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि पर्यावरण, वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए बनाए गए एक वीडियो को इस तरह का रंग दिया गया।

अदालत ने कहा कि कोई भी व्यक्ति यह सवाल नहीं उठा सकता कि अधिकारियों ने जागरूकता फैलाने के लिए किसी खास ‘सेलिब्रिटी’ को क्यों चुना।

बीएमसी के पर्यावरण-अनुकूल दिवाली के लिए मिर्जा का वीडियो सोमवार को राजनीतिक विवाद का कारण बन गया। भाजपा की मुंबई इकाई के प्रमुख अमित साटम की आपत्ति और मेयर रितु तावड़े द्वारा मिर्जा को ‘‘हिंदू-विरोधी’’ बताए जाने के बाद, नगर निकाय ने सोशल मीडिया से उनका क्लिप हटा दिया।

एक ओर जहां मिर्जा का क्लिप हटा दिया गया, वहीं दूसरी ओर इसी तरह के अन्य वीडियो - जिनमें अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और निशिगंधा वाड, तथा क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे शामिल थे - बीएमसी के ‘एक्स’ और इंस्टाग्राम पेज पर मौजूद हैं।

अभिनेता नसीरूद्दीन शाह ने हाल ही में छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन में एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा था, ‘‘मैं एक 'दिमागी नक्सल' हूं।’’ उनके इस बयान से विवाद खड़ा हो गया।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश