नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खाद्य विभाग की टीम के साथ मंगलवार को यहां मोरी गेट स्थित खोया मंडी पहुंचीं जहां लगभग 7,000 किलो खराब और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर उसे नष्ट किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उनके मुताबिक, मोरी गेट की खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग का यह चौथा अभियान है। विभाग की टीम ने मोरी गेट की खोया मंडी में अभियान के दौरान 44 नमूने एकत्र किए और इनकी मौके पर ही ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ सचल जांच सुविधा के माध्यम से प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें 35 नमूने जांच में फेल पाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा दो अन्य नमूने भी एकत्र किए गए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में संदिग्ध सामग्री में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पदार्थों की मिलावट से संबंधित जानकारी सामने आई है।
उनके मुताबिक, इन सामग्रियों के संबंध में आगे की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्ता की निगरानी में की गई।
गुप्ता ने कहा कि सरकार जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और मिलावटखोरी करने वाले चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें कानून के दायरे में लाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “दीपावली की खुशियों में मिलावट करने वालों के लिए दिल्ली में कोई जगह नहीं है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोपरि है और मिलावटखोरों के विरुद्ध दिल्ली सरकार की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। सरकार का उद्देश्य केवल मिलावटी खाद्य पदार्थों को पकड़ना नहीं, बल्कि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना भी है।”
सीएमओ के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी के विरुद्ध विभिन्न अभियानों के दौरान अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट करा चुका है।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत