नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने प्रयागराज में आर्थिक तंगी के चलते कई छात्रों द्वारा कथित तौर पर खून बेचे जाने के मामले को लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का रुख किया और इस पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौतम ने मानवाधिकार आयोग के समक्ष शिकायत देने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि देश में ऐसे हालात पैदा हो गए हैं कि बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखने, छात्रावास का खर्च उठाने और कोचिंग की फीस भरने के लिए अपना खून बेचना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग गरीब और जरूरतमंद छात्रों को निशाना बनाते हैं तथा उन्हें चार से पांच हजार रुपये के बदले खून बेचने के लिए मजबूर करते हैं।
गौतम ने आरोप लगाया कि इस अवैध कारोबार में कथित तौर पर फर्जी पर्चे और दस्तावेज भी तैयार कराए जाते हैं।
कांग्रेस नेता ने एक अखबार द्वारा किए गए ‘स्टिंग ऑपरेशन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार रक्तदान के बीच पर्याप्त अंतराल होना जरूरी है, लेकिन इस मामले में कथित तौर पर छात्रों से एक महीने में दो से चार बार तक रक्त लिया जा रहा है।
उन्होंने इसे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन करार दिया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी इस मुद्दे को उठाया गया और संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गौतम ने सवाल किया कि क्या राज्य सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस मामले में चुप्पी का अर्थ ऐसे कारोबार को सहमति देना है।
उन्होंने कहा कि जो सरकार बच्चों की शिक्षा और रोजगार की व्यवस्था नहीं कर सकती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने बताया कि मानवाधिकार आयोग ने मामले की पूरी जांच करवाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गौतम ने उम्मीद जताई कि आयोग इस गंभीर मामले में हस्तक्षेप करेगा और छात्रों का शोषण करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप