जम्मू, तीन नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सांसद आगा रुहुल्ला मेहदी के अपनी पार्टी से मतभेदों के पीछे वैचारिक तालमेल की कमी होने की मंगलवार को आशंका जताई। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से खतरा होने पर कांग्रेस मजबूती से नेकां के साथ खड़ी रहेगी।
हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए , जिनमें मंत्रिमंडल के हालिया विस्तार के बाद नेकां विधायकों में कथित असंतोष और रुहुल्ला का पार्टी से इस्तीफा शामिल है, कर्रा ने भरोसा जताया कि नेकां इस स्थिति को संभाल लेगी।
रुहुल्ला के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर कर्रा ने कहा कि हर व्यक्ति के किसी पार्टी को छोड़ने के अपने कारण होते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी समझ से यह वैचारिक तालमेल की कमी का मामला प्रतीत होता है।
कर्रा ने यहां एक पार्टी कार्यक्रम से इतर पीटीआई-भाषा से कहा, ''उनका नजरिया अलग था, जबकि पार्टी किसी दूसरी दिशा में आगे बढ़ रही थी। शायद वैचारिक तालमेल की भी कमी थी।''
सितंबर 2016 में संसद और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) से अपने इस्तीफे तथा अगस्त 2022 में गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस छोड़ने का उदाहरण देते हुए जेकेपीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि नेताओं के ऐसे फैसले लेने के अपने कारण होते हैं।
कर्रा ने कहा कि कई विधायकों की अलग-अलग बैठकों और रुहुल्ला के इस्तीफे के बीच नेकां के नेतृत्व वाली सरकार की स्थिरता या उसके कार्यकाल को लेकर अटकलें लगाना अभी जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और सरकारों में इस तरह के घटनाक्रम असामान्य नहीं हैं और बातचीत तथा आंतरिक समन्वय के जरिए इनसे निपटा जा सकता है। उन्होंने कहा, ''मुझे पूरा विश्वास है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस इस स्थिति से निपटने के लिए काफी सक्रिय रहेगी।''
भाजपा नेता राम माधव के जम्मू दौरे और मंगलवार के बाद किसी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की अटकलों पर टिप्पणी करते हुए कर्रा ने कहा कि कांग्रेस को ऐसी किसी संभावित गतिविधि की जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा, ''जहां तक हमें पता है, ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं है और न ही हम ऐसी किसी संभावना की उम्मीद कर रहे हैं। हम इंतजार करेंगे और देखेंगे कि क्या होता है।''
कर्रा ने दोहराया कि भाजपा से खतरा होने पर कांग्रेस नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा, ''हम हमेशा से कहते आए हैं कि जब भी नेशनल कॉन्फ्रेंस को भाजपा से कोई खतरा हो, तो कांग्रेस पार्टी को मजबूती से उसके साथ खड़ा रहना चाहिए।''
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए अपने अभियान जारी रखेगी।
कर्रा ने कहा, ''कांग्रेस पिछले दो वर्षों से 'हमारा राज्य, हमारा अधिकार' नारे के तहत विरोध प्रदर्शनों, भूख हड़तालों और 'जम्मू चलो' तथा 'दिल्ली चलो' जैसे अभियानों का आयोजन कर रही है। राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए आंदोलन जारी है और ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।''
भाषा अमित अविनाश
अविनाश