पीलीभीत (उप्र), तीन नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि ‘आस्था’ भारत को एक सूत्र में पिरोती है और देश की सबसे बड़ी ताकत है।
पीलीभीत में ब्रह्मलीन महंत योगी शांतिनाथ की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘दुनिया में करीब 200 देश हैं। प्रत्येक देश की अपनी पहचान, चुनौतियां, समस्याएं और उपलब्धियां हैं। कुछ देशों की आबादी लाखों में है, तो कुछ की करोड़ों में। केवल भारत और चीन की आबादी 50 करोड़ से अधिक है। यूरोप भले ही एक इकाई दिखाई देता हो, लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है। यह अलग-अलग देशों का समूह है। ये देश आपस में जुड़े होने के बावजूद अलग-अलग राजनीतिक इकाइयां हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक वेशभूषा, रंग-रूप, बोलियों और भाषाओं में विविधता होने के बावजूद भारत एक सूत्र में बंधा हुआ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि इस एकता का आधार हमारी ‘आस्था’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘इसी आस्था के कारण हम यहां एकत्र हुए हैं। यही भारत की सबसे बड़ी ताकत है।’’ आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी कोई शुभ अवसर आता है या किसी शुभ कार्य की शुरुआत होती है, तो सनातन धर्म के अनुयायी अपने घरों में अखंड रामायण का पाठ आयोजित करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारी परंपरा है। इससे जुड़कर हम इसे आगे बढ़ाते हैं और यह हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गई है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रज्वलित होने वाला हर दीप देश एवं प्रदेश की समृद्धि का आधार बनेगा। आदित्यनाथ ने कहा कि जिस अयोध्या में कभी रामभक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं, आज वहां श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा होती है।
उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है और अब अयोध्या आस्था के साथ विकास का भी केंद्र बन चुकी है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कि तुष्टीकरण की राजनीति ने देश में आतंकवाद और नक्सलवाद को बढ़ावा दिया, जबकि सरकार ने रामराज्य का मार्ग प्रशस्त किया है।
उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही रामराज्य की अवधारणा है।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव में रामलीला, श्रीराम कथा और अखंड रामायण पाठ की परंपरा लोगों को भगवान राम के आदर्शों से जोड़ती है।
मुख्यमंत्री ने दो नवंबर 1990 की घटना का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस समय अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि तब जय श्रीराम बोलने और रामभक्तों के अयोध्या पहुंचने पर प्रतिबंध था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि की मुक्ति के लिए श्रद्धालुओं ने बलिदान दिया और 500 वर्षों के संघर्ष के बाद आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और लाखों श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में रेलवे की एकल लाइन, संकरी गलियां, गंदगी और बदहाल सड़कें थीं तथा हवाई सेवा भी नहीं थी, लेकिन अब चार लेन की सड़कों, बेहतर रेल सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अयोध्या की तस्वीर बदल गई है।
उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतिदिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं, लेकिन पर्व-त्योहारों पर यह संख्या पांच लाख से 50 लाख तक पहुंच जाती है।
भाषा जफर मनीषा संतोष
संतोष
संतोष