ग्वालियर, तीन नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान ने चरित्र पर संदेह के कारण सोमवार को अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताकर अपने गांव में शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मृतका के मायके वालों को उसके शव पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिससे उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि भिंड जिले के छौंदा गांव का निवासी ज्ञान सिंह एसएसबी में सिपाही है और उसकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर आया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) जयराज कुबेर ने संवाददाताओं को बताया कि मामला मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरा गांव का है, जहां ज्ञान सिंह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था।
उन्होंने बताया कि सोमवार को पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते ज्ञान सिंह ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह शव को अपने गांव छौंदा ले गया और लोगों को बताया कि उसकी पत्नी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। दोनों की शादी 2010 में हुई थी।
कुबेर ने बताया कि महिला की मौत की खबर मिलने पर उसके मायके वाले भी छौंदा गांव पहुंचे। शव पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने संदेह जताया तो ज्ञान सिंह वहां से भाग गया।
उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुबेर ने कहा कि पुलिस ने आरोपी ज्ञान सिंह को हिरासत में ले लिया है। उसने पूछताछ में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले की जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत