Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

ममता और राहुल घुसपैठियों को भारत में बनाए रखने के लिए लड़ रहे हैं: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री

बागडोगरा, तीन नवंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दो दिन पहले कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर दिल्ली में रैली करने को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन पर मंगलवार को निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पूर्ववर्ती ममता बनर्जी ने घुसपैठियों को बचाने के लिए हाथ मिला लिया है।

शुभेंदु अधिकारी ने सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग देश से अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने के प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में शामिल होने को लेकर भी बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के किसी भी पंडाल के उद्घाटन के लिए उन्हें किसी ने आमंत्रित तक नहीं किया था।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब हम ‘विकसित भारत’ 2047 के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं, ‘दिमागी नक्सली’, कट्टरपंथी चरमपंथी, कम्युनिस्ट और वे लोग, जो कभी चुनाव नहीं जीतते, (नयी दिल्ली में) विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं... ममता बनर्जी जैसे नेता, जिन्हें किसी भी कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया जाता, यहां तक कि दुर्गा पूजा के एक भी पंडाल के उद्घाटन के लिए नहीं बुलाया जाता, भाषण दे रही हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कथित वोट चोरी को लेकर बनर्जी की टिप्पणी पर भी उनका मजाक उड़ाया।

शुभेंदु अधिकारी ने यहां हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, ‘‘हां पापा, हां पापा! हां घुसपैठिये, हां घुसपैठिये, तुम आओ और दामाद बनकर रहो।’’

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री बनर्जी ने नयी दिल्ली में ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए एक लोकप्रिय बाल कविता को निर्वाचन आयोग के खिलाफ गीत के रूप में ढालकर पेश किया।

उन्होंने कहा था, ‘‘वोट चोरी, हां पापा; लोकतंत्र चोरी, हां पापा; भाजपा पापा ने लूट की; पर्दे के पीछे कौन है, भाजपा पापा।’’

कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार ने देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया है, जबकि ममता बनर्जी और राहुल गांधी उन्हें भारत में बनाए रखने के लिए मिलकर लड़ रहे हैं।’’

उन्होंने इस साल की शुरुआत में राज्य में हिंसा-मुक्त विधानसभा चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग की सराहना की।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘आप माकपा और तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में हुए चुनावों के आंकड़ों की जांच कर सकते हैं और उनकी तुलना निर्वाचन आयोग की निगरानी में कराए गए चुनावों से कर सकते हैं। पहली बार 2026 के चुनावों में न तो किसी की मौत हुई और न ही कोई घायल हुआ।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘करीब एक लाख मतदान केंद्र थे। तृणमूल कांग्रेस ने कहीं भी पुनर्मतदान की मांग नहीं की। पिछले हर चुनाव में मौतों की खबरें आम बात हो गई थीं। आप बंगाल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में हुए चुनावों के रिकॉर्ड देख सकते हैं।’’

अधिकारी को सिलीगुड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम और राज्य सरकार के एक कार्यक्रम में शामिल होना था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘आज करीब 134 स्थानों पर रैलियां आयोजित की जा रही हैं। इन रैलियों का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा करना है। आज हम सिलीगुड़ी में एक विशाल रैली करेंगे, जिसमें कम से कम 25,000 लोग हिस्सा लेंगे। हमारे देश में लोकतंत्र पूरी तरह जीवित है। ऐसा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के कारण है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उत्तर बंगाल स्थित राज्य सचिवालय उत्तरकन्या से एक कार्यक्रम शुरू करेंगे, जिसके तहत बंद पड़े चाय बागानों के 19,000 श्रमिकों में से प्रत्येक को दिवाली के उपहार के रूप में 5,000 रुपये और 50 किलोग्राम चावल दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकन्या में प्रशासनिक समीक्षा बैठक की और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा