Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

कांग्रेस सत्ता हथियाने के लिए अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही : राम माधव

जम्मू, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने मंगवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे को लेकर जानबूझकर दुष्प्रचार फैला रहे हैं, क्योंकि वे लोकतांत्रिक चुनावों के जरिये भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनौती देने में असमर्थ हैं।

माधव ने कहा कि कांग्रेस देश को अस्थिर करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बाहर जाकर सत्ता हासिल की जा सके।

हालांकि, उन्होंने कहा कि देश के लोग कांग्रेस और उसके सहयोगियों को कभी सफल नहीं होने देंगे।

माधव ने जम्मू में संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि कांग्रेस का मकसद अब केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि उसमें सरकार बदलने के लिए संवैधानिक संस्थाओं में अस्थिरता और अविश्वास पैदा करना भी शामिल हो गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी एसआईआर को लेकर जानबूझकर “दुष्प्रचार” फैला रहे हैं, क्योंकि भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी को लोकतांत्रिक चुनावों के जरिये चुनौती देने में असमर्थ हैं।

माधव ने आरोप लगाया, “आज कांग्रेस का मकसद लोकतांत्रिक तरीके से या चुनाव लड़कर सत्ता में आना नहीं है। इसके बजाय, वह सत्ता हथियाने के लिए देश में अव्यवस्था पैदा करने, हमारे लोकतांत्रिक संस्थानों में जनता का भरोसा कम करने और अशांति का सहारा लेने की कोशिश कर रही है।”

भाजपा नेता ने विपक्षी नेताओं के सत्ता परिवर्तन की बात करने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में सरकार बदलने के लिए बांग्लादेश और नेपाल में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों को एक मॉडल के रूप में देख रही है।

उन्होंने कहा, “जब वे सत्ता परिवर्तन की बात करते हैं, तो उनका मतलब लोकतांत्रिक सत्ता परिवर्तन से नहीं होता। उनके अपने नेता टेलीविजन और सोशल मीडिया पर खुलकर बांग्लादेश और नेपाल की तरह सत्ता परिवर्तन लाने के बारे में बात कर रहे हैं। उनके इरादे साफ हैं।”

माधव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावों के जरिये भाजपा और मोदी को हराने में असमर्थ होने के कारण दुष्प्रचार फैलाने और राजनीतिक अशांति पैदा करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा, “देश की जनता अराजकता फैलाने की मानसिकता रखने वाली कांग्रेस पार्टी को अपने मकसद में कामयाब नहीं होने देगी।”

दिल्ली में कांग्रेस के नेतृत्व में हुए विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए माधव ने कहा, “अगर कांग्रेस झूठ फैलाने के लिए 50,000 लोगों को इकट्ठा करती है, तो हम पांच लाख गांवों तक पहुंचेंगे और 100 करोड़ मतदाताओं को सच्चाई बताएंगे।”

उन्होंने कांग्रेस पर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

माधव ने कहा कि आजादी के बाद के लगभग आठ दशकों में भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

भाजपा नेता ने एसआईआर का बचाव करते हुए इसे एक संवैधानिक प्रक्रिया बताया, जिसका मकसद मतदाता सूचियों में मौजूद विसंगतियों को दूर करना और अवैध रूप से बसे घुसपैठियों के नाम हटाना है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने उच्चतम न्यायालय में पहले ही एक हलफनामा दाखिल कर दिया है, जिसमें एसआईआर का विवरण दिया गया है और इस प्रक्रिया से जुड़े आरोपों का जवाब दिया गया है।

माधव ने कांग्रेस के इस दावे पर सवाल उठाए कि लगभग 13 करोड़ नाम हटा दिए गए हैं। उन्होंने विपक्षी दलों को चुनौती दी कि वे ऐसे लोगों को सामने लाएं, जो यह साबित कर सकें कि उनके नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं।

माधव ने दावा किया, “कांग्रेस तमाम प्रचार-दुष्प्रचार के बावजूद सार्वजनिक मंच पर एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं ला पाई है, जो यह कह सके कि मेरा वोट हटा दिया गया है।”

उन्होंने कहा कि भारत में हर साल लगभग 90 लाख लोगों की मौत हो जाती है, ऐसे में मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और मतदाताओं का सटीक रिकॉर्ड बनाए रखने के लिए मतदाता सूची में समय-समय पर संशोधन करना जरूरी है।

माधव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर विवाद का इस्तेमाल अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने और निर्वाचन आयोग के प्रति संदेह पैदा करने के लिए कर रही है।

उन्होंने कहा कि कई राज्यों में एसआईआर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि जम्मू-कश्मीर सहित कुछ राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में यह अभी भी लंबित है।

माधव ने कहा कि यह प्रक्रिया संवैधानिक रूप से स्थापित तंत्र के माध्यम से स‍ंचालित की जा रही है।

उन्होंने कहा, “किसी भी वास्तविक शिकायत या विसंगति का समाधान निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत किया जा सकता है।”

भाषा पारुल नरेश

नरेश