Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

रुपया 13 पैसे मजबूत होकर 94.71 प्रति डॉलर पर

मुंबई, तीन नवंबर (भाषा) रुपया मंगलवार को 13 पैसे मजबूत होकर 94.71 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में विदेशी पूंजी के प्रवाह से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.68 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह मजबूत होकर 94.60 प्रति डॉलर के उच्चस्तर तक पहुंच गया। कारोबार के अंत में रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले 13 पैसे की बढ़त के साथ 94.71 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

रुपया सोमवार को आठ पैसे टूटकर 94.84 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले शुक्रवार को इसमें 50 पैसे की मजबूती दर्ज की गई थी।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी और डॉलर में नरमी से रुपये को समर्थन मिला।

चौधरी ने कहा, ‘‘घरेलू बाजारों में मजबूती और दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (एलटीसीजी) कर में बदलाव की संभावनाओं के बीच रुपये में सकारात्मक रुख रहने की उम्मीद है।’’

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.40 से 95 रुपये के दायरे में रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत बढ़कर 101.69 पर आ गया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.86 प्रतिशत मजबूत होकर 105.67 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के कुछ ठिकानों पर नए हमले किए जाने की खबरों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। इससे वैश्विक व्यापार बाधित होने की आशंका बढ़ गई।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत चढ़कर 76,917.85 अंक पर और निफ्टी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,810.85 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने 3,114.68 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की।

भाषा यासिर अजय

अजय