Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

सूखे की स्थिति के बीच राजग सरकार किसानों के साथ खड़ी है : प्रधानमंत्री मोदी

पुणे, तीन नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

उन्होंने देश भर के लोगों से अपील की कि वे इस त्योहारी मौसम में किसानों को याद रखें और यह सुनिश्चित करें कि सूखे से प्रभावित परिवारों को भी दिवाली की खुशियां मिल सकें।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पुणे मेट्रो लाइन 3 (पिंक लाइन) का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति से अवगत हूं। राज्य सरकार ने अग्रिम सहायता भी उपलब्ध कराई है। मैं महाराष्ट्र के हर किसान को आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस कठिन समय में, राजग सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।”

उन्होंने कहा, “चिंता न करें, हम सभी अपने किसानों के साथ खड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार ने हाल के वर्षों में जल संरक्षण के लिए काफी काम किया है, लेकिन मौजूदा प्राकृतिक आपदा ने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।

मोदी ने प्रधानमंत्री-किसान योजना के तहत दी जा रही सहायता का भी जिक्र किया और किसान समुदाय को समर्थन देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

मोदी ने कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दिवाली का जश्न उनके घरों तक भी पहुंचे। यह हमारी सामाजिक जिम्मेदारी भी है। हमें सूखे से प्रभावित नागरिकों, किसानों और गांवों में रहने वाले लोगों की कठिनाइयों को नहीं भूलना चाहिए। हम सब मिलकर इस संकट का सामना करेंगे।”

यह रेखांकित करते हुए कि भारत के विकसित राष्ट्र बनने के सफर में किसानों की अहम भूमिका है, मोदी ने कहा कि उनकी सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

राज्य सरकार ने महाराष्ट्र के 85 प्रतिशत हिस्से को सूखाग्रस्त घोषित किया है और दिवाली से पहले 5,000 रुपये की अंतरिम सहायता देने की घोषणा की है।

विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में 12 वर्षों के भीतर 50 करोड़ लोगों ने अत्यधिक गरीबी से छुटकारा पा लिया है।

उन्होंने कहा, “भारत अब सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं और सबसे तेजी से गरीबी कम करने वाले देशों में से एक है। आर्थिक विकास और गरीबी में कमी, आपस में जुड़े हुए हैं।”

मोदी ने कहा कि बुनियादी ढांचे - जिसमें सड़कें, रेलवे, हवाई अड्डे और मेट्रो नेटवर्क के साथ-साथ बिजली, पेयजल और गैस पाइपलाइन परियोजनाएं शामिल हैं - में निवेश से लोगों का जीवन बेहतर हो रहा है और रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि गरीब परिवारों को घर, शौचालय, नल का पानी और एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, समय की बचत हुई है और अतिरिक्त आय के अवसर पैदा हुए हैं।

सार्वजनिक पद पर अपने 25 वर्षों का जिक्र करते हुए, मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का दृष्टिकोण हमेशा गरीबों को सशक्त बनाने का रहा है, ताकि वे अपनी खुद की कोशिशों से गरीबी से बाहर निकल सकें।

उन्होंने आगे कहा, “सशक्त बनाने की शक्ति ही सुशासन है।”

उन्होंने कहा कि गरीबी कम होने से न केवल अभाव से बाहर निकल रहे परिवारों को फायदा होता है, बल्कि मध्यम वर्ग का विस्तार होने और लोगों की क्रय शक्ति (खरीदने की क्षमता) बढ़ने से अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है।

देश के विकास में निरंतर भागीदारी का आह्वान करते हुए मोदी ने कहा, “सामूहिक प्रयास विकसित भारत की यात्रा की प्राण-शक्ति हैं।”

भाषा प्रशांत अविनाश

अविनाश