नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी हैप्पिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजीज का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 15.12 प्रतिशत बढ़कर 62.19 करोड़ रुपये हो गया।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 54.02 करोड़ रुपये था।
बेंगलुरु मुख्यालय वाली कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में उसकी परिचालन आय 12.5 प्रतिशत बढ़कर 645.43 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 573.57 करोड़ रुपये थी।
हालांकि, पिछली तिमाही की तुलना में कंपनी का शुद्ध लाभ आठ प्रतिशत घटा, जबकि आय में 2.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
कंपनी के सह चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जोसेफ अनंतराजू ने कहा, ‘‘हमारे मजबूत नतीजे ग्राहकों के साथ हमारे लगातार मजबूत होते संबंधों और अनुशासित तरीके से काम करने पर हमारे ध्यान को दर्शाते हैं। कंपनियां अब ऐसे भागीदारों की तलाश कर रही हैं, जो व्यावसायिक जरूरतों को पूरा करने के लिए क्षेत्र की गहरी समझ, इंजीनियरिंग क्षमताओं और कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित बदलाव को एक साथ ला सकें। आईटीसी इन्फोटेक की पूरक क्षमताओं के साथ हम अपने ग्राहकों को और अधिक मूल्य प्रदान करने तथा उनके साथ अपने संबंधों को मजबूत करने की संभावनाओं को लेकर उत्साहित हैं।’’
शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, तिमाही के नतीजों में आईटीसी इन्फोटेक के साथ प्रस्तावित विलय के संबंध में किए गए 3.98 करोड़ रुपये के असाधारण व्यय को भी शामिल किया गया है।
भाषा यासिर अजय
अजय